Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

भदोही में 10 फरवरी से फाइलेरिया उन्मूलन व राष्ट्रीय कृमि दिवस अभियान शुरू, जिलाधिकारी ने की जनसहभागिता की अपील

सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
भदोही। जनपद में जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने 10 फरवरी से शुरू होने वाले राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन अभियान एवं राष्ट्रीय कृमि दिवस को सफल बनाने के लिए आमजन से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह अभियान फाइलेरिया और आंतों के कीड़ों जैसी गंभीर बीमारियों से मुक्ति दिलाने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा।

जिलाधिकारी के अनुसार, फाइलेरिया उन्मूलन अभियान 10 से 28 फरवरी 2026 तक विशेष रूप से सुरियावां और आभोली विकासखंडों में चलाया जाएगा। इस दौरान एक वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर तीन आवश्यक दवाएं दी जाएंगी। अभियान के तहत 3,37,958 लोगों को कवर करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

वहीं, राष्ट्रीय कृमि दिवस के तहत जिले के चार विकासखंडों में 10 फरवरी से कार्यक्रम आयोजित होंगे। 2743 प्राथमिक विद्यालयों, कॉलेजों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों और छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। यह दवा भोजन या मध्यान्ह भोजन के बाद दी जाएगी, ताकि बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने अभिभावकों, शिक्षकों और नागरिकों से अपील की कि वे बच्चों को निर्धारित दवा अवश्य दिलवाएं और इस जनअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा, “स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ समाज की नींव होते हैं, इसलिए इस अभियान को सफल बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।”

जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष चक ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि अभियान का संचालन समन्वय, सतर्कता और पारदर्शिता के साथ किया जाए, ताकि अधिकतम लोगों तक इसका लाभ पहुंच सके।