Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

पालघर में 9 फरवरी को लगेगा जनता दरबार, पालकमंत्री गणेश नाईक करेंगे नागरिकों से सीधा संवाद

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
पालघर। महाराष्ट्र के वन मंत्री तथा पालघर जिले के पालकमंत्री गणेश नाईक की अध्यक्षता में 9 फरवरी 2026 को दोपहर 12 बजे जिला कलेक्टर कार्यालय स्थित नियोजन समिति सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष कार्यक्रम में मंत्री स्वयं नागरिकों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनेंगे तथा समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देंगे।

जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं और प्रश्नों का निराकरण कराएं। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि लोगों की शिकायतों का त्वरित निपटारा हो सके।

कार्यक्रम में जिले के सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहेंगे, जिससे प्राप्त आवेदनों और शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई संभव हो सके। इससे पहले आयोजित जनता दरबारों में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया था और कई मामलों का मौके पर समाधान हुआ था।

नागरिकों की सुविधा के लिए कलेक्टर कार्यालय के भूतल पर कंप्यूटर आधारित टोकन व्यवस्था की गई है। टोकन लेने के बाद विभागवार टेबलों पर आवेदन दर्ज कराए जा सकेंगे। राजस्व, वन, कृषि, स्वास्थ्य, पुलिस, सार्वजनिक निर्माण, परिवहन, बीएसएनएल, नगर प्रशासन, सहकारिता, महिला एवं बाल विकास, उद्योग, कौशल विकास, आदिवासी विकास सहित अन्य सभी सरकारी विभागों के काउंटर अलग-अलग कक्षों और स्थानों पर स्थापित किए जाएंगे।

प्रशासन ने दोहराया है कि 9 फरवरी को होने वाले इस जनता दरबार में नागरिक स्वयं उपस्थित होकर अपनी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। यह पहल शासन को जनता के और करीब लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।