Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

गाँव का झगड़ा गाँव में निपटा: पुलिस की पहल से वर्षों पुराना जमीनी विवाद खत्म

सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
जौनपुर। थाना सुजानगंज पुलिस टीम ने सराहनीय पहल करते हुए ग्राम उमरपुर में दो पक्षों के बीच कई वर्षों से चले आ रहे जमीनी विवाद का सुलह-समझौते के आधार पर सफल निस्तारण कराया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जौनपुर द्वारा चलाए जा रहे अभियान “गाँव का झगड़ा गाँव में निपटाएं, कोर्ट-कचहरी हम क्यों जाएं” के तहत की गई।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी बदलापुर सुनीलचन्द्र तिवारी के निर्देशन में थानाध्यक्ष फूलचन्द पाण्डेय ने पुलिस टीम के साथ गाँव में चौपाल लगाकर दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाया। बातचीत और आपसी सहमति के बाद बिना किसी दबाव के समझौता कराया गया तथा गवाहों की मौजूदगी में सुलहनामा तैयार कराकर दोनों पक्षों से शपथ पत्र पर हस्ताक्षर भी करवाए गए।

बताया गया कि गाटा संख्या 225/0.077 हेक्टेयर भूमि को लेकर प्रथम पक्ष बुद्धनारायण मिश्र (पुत्र स्व. कमला प्रसाद मिश्र) और द्वितीय पक्ष सुभाषचन्द्र व भोलानाथ (पुत्रगण जमुना प्रसाद) के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के साथ ही मारपीट से जुड़े प्रकरण में थाना सुजानगंज पर भी मुकदमा दर्ज था। सैकड़ों प्रार्थना पत्र और आईजीआरएस शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं हो पा रहा था।

पुलिस की मध्यस्थता से हुए इस समझौते के बाद दोनों पक्षों को भविष्य में विवाद न करने की हिदायत दी गई और न्यायालय में शपथ पत्र दाखिल कर मुकदमा वापस लेने के लिए कहा गया। वर्षों पुराने विवाद के समाप्त होने पर गाँव के लोगों ने पुलिस की इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

थानाध्यक्ष फूलचन्द पाण्डेय, उपनिरीक्षक सुभाषचन्द्र द्विवेदी, हेड कांस्टेबल मानस तिवारी और कांस्टेबल संजीव कुमार पुलिस टीम में शामिल रहे।