Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

पालघर ACB का एक्शन! 45 हजार की रिश्वत लेते महिला ग्राम महसूल अधिकारी गिरफ्तार

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार: पालघर जिले के वसई तालुका अंतर्गत बिलघरडा क्षेत्र में भ्रष्टाचार निरोधक विभाग (एसीबी) पालघर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला ग्राम महसूल अधिकारी उज्ज्वला प्रवीण पाटिल को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार प्रतिबंधक अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता और उनके मामा ने वर्ष 2025 में मौजे बिलघरडा क्षेत्र में जमीन खरीदी थी। उक्त जमीन पर लिटिगेशन चल रहा होने के बावजूद वहां निर्माण कार्य किया गया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि निर्माण कार्य का पंचनामा न करने तथा जमीन पर डाली गई मिट्टी के पंचनामा को लेकर ग्राम महसूल अधिकारी उज्ज्वला पाटिल लगातार पैसों की मांग कर रही थीं।

बताया गया कि आरोपी अधिकारी ने निर्माण संबंधी पंचनामा न करने के एवज में 45 हजार रुपये तथा जमीन पर डाली गई मिट्टी के मामले में 1 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। दोनों मामलों को मिलाकर कुल 1 लाख 95 हजार रुपये की मांग की गई थी। बाद में बातचीत के बाद 45 हजार रुपये की रकम तय हुई।

मामले की शिकायत मिलने पर एसीबी पालघर की टीम ने 22 और 23 मई 2026 को गोपनीय जांच और सत्यापन किया। जांच के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद 25 मई 2026 को जाल बिछाया गया। एसीबी अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए महिला ग्राम महसूल अधिकारी उज्ज्वला पाटिल को 45 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगेहाथ दबोच लिया।

यह कार्रवाई पुलिस उप-अधीक्षक दादाराम करांडे के मार्गदर्शन में हवलदार योगेश धारणे, जितेंद्र नपके, गीता कहार, आकाश लोहार, प्रकाश दखवी और विलास भोये की टीम ने अंजाम दी। मामले की आगे की जांच भ्रष्टाचार निरोधक विभाग पालघर द्वारा की जा रही है।

एसीबी ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत तत्काल भ्रष्टाचार निरोधक विभाग से करें।