Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

वसई-विरार में बारिश से पहले नालेसफाई तेज

VVCMC के महापौर-उपमहापौर ने किया निरीक्षण

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार : आगामी मानसून को देखते हुए वसई-विरार शहर महानगरपालिका ने शहरभर में नालेसफाई अभियान युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है। गुरुवार को महापौर अजीव पाटील और उपमहापौर मार्शल लोपीस ने नगरसेवकों, अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ विभिन्न इलाकों में चल रहे सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सनसिटी वसई (पश्चिम), गास और निर्मल परिसर समेत कई क्षेत्रों में नालों, गटरों और जलनिकासी स्थलों की स्थिति का जायजा लिया गया।

    अधिकारियों को नालों में जमा गाद, प्लास्टिक कचरा और अन्य अवरोधों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही बारिश शुरू होने से पहले सभी नालों की सफाई पूरी कर जलनिकासी व्यवस्था सुचारु रखने पर जोर दिया गया। इस दौरान आसपास के तालाबों का भी निरीक्षण किया गया और उन्हें साफ रखने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए गए। महापौर अजीव पाटील ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए महानगरपालिका सभी जरूरी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि नालेसफाई कार्य समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे हों, इसके लिए प्रशासन लगातार निगरानी करेगा। उपमहापौर मार्शल लोपीस ने नागरिकों से अपील की कि वे नालों में कचरा न डालें और शहर को स्वच्छ रखने में महानगरपालिका का सहयोग करें। निरीक्षण दौरे में नगरसेवक परेश किणी, नगरसेविका दिप्ती भोईर, नगरसेविका सैरल डाबरे, पूर्व सरपंच सायमन अल्मेडा, सालू अल्मेडा समेत स्थानीय नागरिक, अभियंता, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। महानगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मानसून से पहले सभी आवश्यक एहतियाती उपाय किए जा रहे हैं ताकि नागरिकों को जलभराव और गंदगी जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।