Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

वसई-विरार के बदलेंगे दिन!

एमएमआरडीए ने खोला विकास का खजाना, शहर को मिलेगी नई रफ्तार

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। वर्षों से विकास की बाट जोह रहे वसई-विरार के लिए अब बड़ी खुशखबरी सामने आई है। एमएमआरडीए (Mumbai Metropolitan Region Development Authority) ने साफ संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में वसई-विरार को मुंबई महानगर क्षेत्र के सबसे तेजी से विकसित होने वाले शहरों में शामिल किया जाएगा। लंबे समय से अटकी सड़कें, ओवरब्रिज और कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट्स अब तेजी से आगे बढ़ेंगे। एमएमआरडीए मुख्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में नालासोपारा विधानसभा के भाजपा विधायक राजन नाईक ने वसई-विरार की बदहाल यातायात व्यवस्था, बढ़ती आबादी और अधूरी परियोजनाओं का मुद्दा मजबूती से उठाया। इस पर एमएमआरडीए आयुक्त डॉ. संजय मुखर्जी ने शहर के प्रमुख विकास प्रोजेक्ट्स को प्राथमिकता देने का भरोसा दिया। विधायक राजन नाइक ने दो टूक कहा कि वर्ष 1988 में एमएमआरडीए क्षेत्र में शामिल होने के बावजूद वसई-विरार को वह विकास नहीं मिला, जिसका लोगों से वादा किया गया था। अब समय आ गया है कि शहर को उसका हक मिले और अधूरे सपनों को जमीन पर उतारा जाए।

ओवरब्रिज, हाईवे और नई सड़कें बदलेंगी तस्वीर

बैठक में अलकापुरी और ओसवाल नगरी रेलवे ओवरब्रिज, विराटनगर और उमेलमान के प्रस्तावित फ्लायओवर, अहमदाबाद हाईवे से पेल्हार होते हुए नालासोपारा तक कंक्रीट सड़क तथा विरार फाटा से विरार शहर तक आधुनिक सड़क निर्माण जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट्स को तेजी से पूरा करने की मांग रखी गई। साथ ही गास-नारंगी फ्लायओवर से आगाशी तक सड़क परियोजना, सोपारा-वसई सन सिटी कनेक्टिविटी और उत्तन-विरार कोस्टल रोड को वसई कनेक्टर फेज-2 से जोड़ने का प्रस्ताव भी चर्चा के केंद्र में रहा। माना जा रहा है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद वर्षों से जाम और खराब सड़कों से जूझ रहे लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

बीकेसी की तर्ज पर बनेगा नया ‘स्मार्ट बिजनेस हब’

बैठक का सबसे बड़ा और चर्चित प्रस्ताव आचोले और दिवाणमान क्षेत्र की करीब 1500 एकड़ सरकारी जमीन को बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स की तर्ज पर विकसित करने का रहा। विधायक राजन नाइक ने इस क्षेत्र को आधुनिक बिजनेस, कॉर्पोरेट और रोजगार केंद्र के रूप में विकसित करने की मांग की। इस पर आयुक्त डॉ. संजय मुखर्जी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि जमीन को एमएमआरडीए को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इसके बाद पूरे क्षेत्र का आधुनिक मास्टर प्लान तैयार होगा, जिससे वसई-विरार की पहचान सिर्फ उपनगर नहीं, बल्कि एक विकसित आर्थिक केंद्र के रूप में बन सकेगी।

बैठक में रहे कई दिग्गज मौजूद

इस महत्वपूर्ण बैठक में वसई-विरार शहर महानगर पालिका के महापौर अजीव पाटील, पूर्व महापौर नारायन मानकर, विपक्ष के नेता मनोज पाटील, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रज्ञा पाटील, नगरसेवक गणेश बालकृष्ण पाटील तथा महानगरपालिका आयुक्त पृथ्वीराज बी. पी. सहित एमएमआरडीए और मनपा के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। माना जा रहा है कि यदि ये परियोजनाएं तय समय पर पूरी हुईं, तो आने वाले वर्षों में वसई-विरार सिर्फ आबादी वाला शहर नहीं, बल्कि आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार और निवेश का नया केंद्र बनकर उभरेगा।