सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। विरार वेस्ट के ग्लोबल सिटी क्षेत्र स्थित काल्पवृक्ष कॉम्प्लेक्स में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाली हत्या की घटना सामने आई है। निर्माणाधीन इमारत में रह रहे एक मजदूर ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और दूसरी पत्नी व बच्चों के साथ मौके से फरार हो गया। यह मामला बोलींज पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी “मुन्ना” अपनी दो पत्नियों और बच्चों के साथ निर्माणाधीन बिल्डिंग में रहकर मजदूरी करता था। रविवार शाम करीब 7 बजे के आसपास घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें आरोपी ने अपनी एक पत्नी का सिर दीवार पर पटक-पटक कर उसकी हत्या कर दी। घटनास्थल की दीवारों पर खून के धब्बे इस जघन्य अपराध की गवाही दे रहा है।
बताया जा रहा है कि यह परिवार मूल रूप से बिहार का निवासी है और अगले दो दिनों में अपने गांव लौटने की तैयारी कर रहा था। इसी बीच यह दर्दनाक घटना घटित हो गई।
घटना का खुलासा तब हुआ जब साइट के सुपरवाइजर ने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की और कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर वह मौके पर पहुंचा, जहां महिला खून से लथपथ अवस्था में पड़ी मिली। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

More Stories
नालासोपारा में वायरल झूठा मैसेज ने मचाया बवाल, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग हुई तेज
पालघर में पीएम मोदी और सनातन विरोधी पोस्ट से भड़का बजरंग दल, आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
मानसून से पहले VVCMC अलर्ट: आयुक्त ने नाला सफाई कार्यों का किया निरीक्षण