टीबी उन्मूलन के लिए 6 माह का विशेष अभियान होगा संचालित
सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
भदोही। जनपद में क्षय रोग उन्मूलन की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए जंगीगंज स्थित जे.पी. हॉस्पिटल एवं सिस्कों संस्थान द्वारा 100 टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई। इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने स्वयं उपस्थित होकर लाभार्थियों को पोषण सामग्री प्रदान की।

कार्यक्रम का आयोजन प्रबंधक डॉ. रत्नेश पाण्डेय एवं डॉ. आशुतोष तिवारी के सौजन्य से किया गया, जिसे जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने घोषणा की कि जनपद को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से 6 माह का विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज के समय में क्षय रोग असाध्य नहीं है, बल्कि समय पर जांच, नियमित दवा और उचित पोषण से इसका पूर्ण उपचार संभव है।
डीएम ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए आक्रामक एवं समन्वित प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने चिकित्सकों एवं संस्थानों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास मरीजों की प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करेंगे और अभियान को गति देंगे।
कार्यक्रम में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. विवेक श्रीवास्तव ने उपस्थित लोगों को क्षय रोग के लक्षण, जांच एवं उपचार के बारे में जानकारी दी। उन्होंने सिस्को संस्थान एवं चिकित्सा स्टाफ के योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही टीबी मुक्त जनपद का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
यह आयोजन जनपद में क्षय रोग उन्मूलन अभियान को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

More Stories
हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने किया फ्लैग मार्च
दो दिनों में पूरा किया जनगणना कार्य, प्रगणकों को मिला प्रशस्ति पत्र