Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

होमगार्ड भर्ती परीक्षा 25 से 27 अप्रैल तक, 19 केंद्रों पर कड़ी निगरानी

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा, प्रति पाली 8400 अभ्यर्थी होंगे शामिल

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
जौनपुर। 15 अप्रैल 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र सिंह की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद स्तर पर परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के लिए विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि लिखित परीक्षा 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रत्येक दिन दो पालियों में होगी—प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक। जनपद में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, ताकि परीक्षा की निगरानी प्रभावी ढंग से हो सके। इसके अलावा केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक और परीक्षा सहायकों की भी नियुक्ति कर दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

प्रति पाली लगभग 8400 परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे समय से अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहें और परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।