Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

वसई-विरार में डिजिटल जनगणना की तैयारी तेज, क्षेत्रीय प्रशिक्षकों को दिया जा रहा विशेष प्रशिक्षण

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। वसई विरार शहर महानगरपालिका द्वारा जनगणना 2027 की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में क्षेत्रीय प्रशिक्षकों (फील्ड ट्रेनर्स) के लिए एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। यह प्रशिक्षण 6 अप्रैल से 16 अप्रैल 2026 तक विरार (पश्चिम) स्थित प्रभाग समिति ‘ए’ बोळींज के नए कार्यालय में आयोजित किया जा रहा है।

जनगणना प्रक्रिया के पहले चरण ‘घर सूचीकरण व घरगणना’ का कार्य 16 मई से 14 जून 2026 के बीच किया जाएगा। इसके लिए प्रगणक (Enumerators) और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी, जिनका प्रशिक्षण अप्रैल के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित है। इन कर्मचारियों को प्रभावी प्रशिक्षण देने के लिए पहले क्षेत्रीय प्रशिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।

दूसरा चरण फरवरी 2027 में मुख्य जनगणना के रूप में आयोजित होगा। प्रशासन का मानना है कि सटीक जनगणना देश के विकास, योजना निर्माण और नीतिगत निर्णयों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षकों को डिजिटल उपकरणों के उपयोग, सही डेटा संग्रह और आम नागरिकों से संवाद स्थापित करने के तरीके सिखाए जा रहे हैं।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर के रूप में डॉ. महादेव इरकर और जनगणना निदेशालय, मुंबई के श्री संजय नाईक मार्गदर्शन दे रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन महानगरपालिका के आयुक्त एवं प्रधान जनगणना अधिकारी पृथ्वीराज बी.पी. के नेतृत्व में किया जा रहा है। इसमें अतिरिक्त आयुक्त (जनगणना) संजय हेरवाडे और उपायुक्त हर्षला राणे (शहर जनगणना अधिकारी) का विशेष समन्वय है।

प्रशासन ने विश्वास जताया है कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से जनगणना प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, प्रभावी और तकनीकी रूप से मजबूत बनेगी।