Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

आस्था, शक्ति और एकता का संगम बना बोईसर

हनुमान जन्मोत्सव पर उमड़ा आस्था का सैलाब

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
पालघर। पालघर जिले के बोईसर में श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर ऐसा भव्य दृश्य देखने को मिला, जिसने पूरे शहर को भक्ति और उत्साह से भर दिया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के नेतृत्व में निकली विशाल शोभायात्रा में राम भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। करीब 12 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। पूरा शहर भगवा रंग में रंगा नजर आया और “जय श्रीराम” व “जय हनुमान” के जयघोषों से वातावरण गूंज उठा।

भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम

डीजे पर बजते भक्ति गीतों ने माहौल को और अधिक ऊर्जावान बना दिया। नगरवासियों ने जगह-जगह फूल वर्षा कर स्वागत किया, वहीं व्यापारियों और आम लोगों ने जलपान की व्यवस्था कर सेवा भाव का परिचय दिया।

‘घर वापसी’ का दावा

कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने दावा किया कि 251 परिवारों के 600 से अधिक लोगों की ‘घर वापसी’ कराई गई।
विहिप कोंकण विभाग के सहमंत्री चंदन सिंह ने इसे सांस्कृतिक पुनर्स्थापना का अभियान बताया।

आकर्षक झांकियां बनी केंद्रबिंदु

शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, श्री हनुमान और विभिन्न महापुरुषों की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया और धार्मिक संदेशों को जन-जन तक पहुंचाया।

एकता और सहभागिता का संदेश

इस आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा और महिलाएं शामिल हुए। आयोजकों ने इसे सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक आयोजन बताया।

कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारी:

भाजपा जिला अध्यक्ष भरत राजपूत, विहिप प्रांत मंत्री मोहन सालेकर, विहिप नेता मुकेश दुबे, जिला मंत्री जयेश घरत, विहिप पालघर जिलाध्यक्ष महावीर जैन, रामरंजन सिंह, बजरंग दल जिला संयोजक कुंदन सिंह, अरविंद सिंह, एसपी सिंह, रोबिन सिंह, आरबी सिंह (जिला अध्यक्ष, भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा), हिंदू जनजागृति संस्था के महासचिव तुलसी छीपा, अध्यक्ष रवि सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य उपस्थित रहे।