Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

वसई-विरार शहर महानगरपालिका को मिला नया नेतृत्व: IAS पृथ्वीराज बी.पी. ने संभाली कमान, विकास को मिलेगी रफ्तार

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। वसई-विरार शहर महानगरपालिका को नया प्रशासकीय नेतृत्व मिल गया है। 2014 बैच के महाराष्ट्र कैडर के तेजतर्रार आईएएस अधिकारी पृथ्वीराज बी.पी. ने बुधवार को विधिवत रूप से आयुक्त पद का कार्यभार संभाल लिया। उनके पदभार ग्रहण करते ही शहर के प्रशासनिक तंत्र में नई ऊर्जा और कार्यसंस्कृति की उम्मीदें जाग उठी हैं।

पेशेवर दक्षता और आधुनिक सोच के लिए पहचाने जाने वाले पृथ्वीराज बी.पी. का शैक्षणिक व प्रशासनिक सफर बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने IIT (Indian Institute of Technology) बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस में स्नातक तथा IIM (Indian Institute of Management) अहमदाबाद से फाइनेंस में एमबीए किया है, जो उनकी रणनीतिक और तकनीकी समझ को मजबूती देता है।

प्रशासनिक अनुभव की बात करें तो उन्होंने पुणे महानगरपालिका में अतिरिक्त आयुक्त, लातूर के जिलाधिकारी (District Magistrate/Collector), और केंद्रीय कोयला मंत्रालय में सहायक सचिव के रूप में कार्य किया है। हर जिम्मेदारी में उन्होंने पारदर्शिता, जवाबदेही और परिणाम आधारित प्रशासन को प्राथमिकता दी।

पदभार संभालने के बाद अपने प्रथम संबोधन में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकताएं नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं (पानी, सड़क जाम से राहत, साफ-सफाई आदि) उपलब्ध कराना, प्रशासन में पारदर्शिता लाना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण रखना होगा। साथ ही उन्होंने वसई-विरार को एक सशक्त ‘ग्रोथ हब’ के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठाने का संकल्प जताया।

उनकी कार्यशैली का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्हें वर्ष 2022 में ‘स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र’ श्रेणी में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है, जो उनके प्रभावी नेतृत्व और नवाचारों की पहचान है।

शहरवासियों और प्रशासनिक हलकों में उनके आगमन को लेकर सकारात्मक माहौल है। उम्मीद की जा रही है कि उनके नेतृत्व में वसई-विरार शहर विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा और नागरिकों को बेहतर, सुगम और पारदर्शी सेवाएं मिलेंगी।