सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
जौनपुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को केंद्र में रखते हुए जनपद जौनपुर में ‘मिशन शक्ति 5.0’ के तहत एक प्रभावशाली जागरूकता अभियान का आयोजन शुक्रवार को किया गया। कोतवाली परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने नारी शक्ति के महत्व को नई ऊर्जा के साथ रेखांकित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने ‘One Girl is a Revolution’ हस्ताक्षर अभियान के साथ किया। इस अभियान का उद्देश्य समाज में बेटियों की भूमिका को एक सशक्त परिवर्तनकारी शक्ति के रूप में स्थापित करना है। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता तथा सहायक पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षु) सृष्टी जैन सहित मिशन शक्ति टीम के अन्य अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और ‘One Girl is a Revolution’ बोर्ड पर हस्ताक्षर कर नारी सशक्तिकरण के संकल्प को दोहराया। पूरे परिसर में जागरूकता और आत्मविश्वास का माहौल देखने को मिला।
एसएसपी ने अपने संबोधन में कहा कि जनपद के प्रत्येक थाना स्तर पर महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। साथ ही, महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘शक्ति मोबाइल’ (पिंक पेट्रोल) को भी प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है, जो आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्रदान करती है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “नारी सुरक्षा और सम्मान जौनपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मिशन शक्ति 5.0 के माध्यम से हर बेटी को यह एहसास दिलाना हमारा उद्देश्य है कि वह अकेली नहीं, बल्कि समाज में बदलाव लाने वाली एक क्रांति है।” इस आयोजन ने न केवल महिलाओं में आत्मविश्वास जगाया, बल्कि समाज को भी यह संदेश दिया कि सशक्त नारी ही सशक्त समाज की आधारशिला है।

More Stories
100 क्षय रोगियों को मिली पोषण पोटली, डीएम ने किया वितरण
होमगार्ड भर्ती परीक्षा 25 से 27 अप्रैल तक, 19 केंद्रों पर कड़ी निगरानी
वाराणसी जोन पुलिस की डिजिटल पहल