सचिन कांबले के सक्रियता से टला बड़ा हादसा
सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। मुंबई-अहमदाबाद महामार्ग पर शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब LPG गैस सिलेंडर को लेकर फैली अफवाह ने सैकड़ों लोगों को सड़क पर ला खड़ा किया। तुंगार फाटा के पास करीब 8:30 बजे छोटे गैस सिलेंडर लेकर लोग जमा हो गए और देखते ही देखते स्थिति बेकाबू होती नजर आई।

बताया जा रहा है कि इलाके में यह खबर फैल गई थी कि महामार्ग पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। जबकि मौके पर खड़ी गाड़ियों में केवल खाली सिलेंडर थे और वे पार्किंग में खड़ी थीं। बावजूद इसके, बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए, नारेबाजी शुरू हो गई और कुछ ही मिनटों में महामार्ग पर लंबा जाम लग गया।
जिम्मेदार नेतृत्व: सचिन कांबले की त्वरित कार्रवाई
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पेल्हार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सचिन कांबले ने तत्काल एक्शन लिया। उनके निर्देश पर क्राइम डिटेक्शन शाखा और पुलिस बल मौके पर पहुंचा और महज 5–10 मिनट में हालात पर काबू पा लिया। पुलिस की तत्परता से बाधित यातायात जल्द ही सुचारू हो गया और संभावित बड़े बवाल को टाल दिया गया। यह कार्रवाई साफ दर्शाती है कि समय पर लिया गया निर्णय कैसे शहर को बड़ी अव्यवस्था से बचा सकता है।
कानून तोड़ा तो कार्रवाई तय
इस पूरे घटनाक्रम में कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पेल्हार पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। कुल 24 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, इनमें कुछ महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने और कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
अफवाहों से भटके नागरिक
यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि अफवाहें किस तरह आम नागरिकों को गुमराह कर सकती हैं। बिना पुष्टि के खबर पर भरोसा, बिना सोचे-समझे सड़क पर उतरना और सार्वजनिक व्यवस्था को बाधित करना। यह न सिर्फ कानूनन अपराध है, बल्कि समाज के लिए भी नुकसानदायक है।
समझदारी जरूरी: 5 किलो सिलेंडर का सच
ध्यान देने वाली बात यह है कि जिस 5 किलो वाले छोटे गैस सिलेंडर को लेकर लोग सड़क पर उतरे—उसकी नियमित बुकिंग नहीं होती, घर-घर डिलीवरी भी नहीं होती है फिर भी बिना सही जानकारी के लोगों का इस तरह जुटना चिंता का विषय है।
संदेश साफ है
पेल्हार पुलिस की इस कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि कानून से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा, अफवाहों पर विश्वास करना खतरनाक है, जिम्मेदार नागरिक बनना समय की मांग है।
पुलिस अधिकारी का जनता से अपील
पेल्हार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सचिन कांबले ने जनता से अपील की है कि किसी भी सूचना पर भरोसा करने से पहले उसकी पुष्टि करें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

More Stories
पेल्हार पुलिस का अपराध के खिलाफ सख्त एक्शन, गुंडागर्दी पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
वसई-विरार में बिजली संकट पर उच्चस्तरीय बैठक, समाधान के लिए ठोस कदमों के निर्देश
आदिवासी और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती, 6 एंबुलेंस का लोकार्पण