सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
मीरा-भाईंदर। हत्या जैसे संगीन अपराध में पिछले चार वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को काशिगांव पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस के गुन्हे प्रकटीकरण (क्राइम ब्रांच) पथक की सतर्कता और तेज़ी का नतीजा मानी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार राज्य के पूर्वी चंपारण जिले के निवासी नीरज सिंह ने 22 मार्च 2026 को काशिगांव पुलिस स्टेशन को ईमेल के माध्यम से सूचना दी थी। उन्होंने बताया कि पकड़ीदयाल थाना, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण, बिहार) में दर्ज हत्या के मामले (धारा 302 सहित अन्य गंभीर धाराएं) में आरोपी अमरेंद्रकुमार रामनगीना सिंह के खिलाफ सत्र न्यायालय, मोतिहारी द्वारा गैर-जमानती वारंट जारी किया गया है। आरोपी पिछले चार वर्षों से फरार था और बिहार में उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था।
ईमेल में यह भी बताया गया कि आरोपी अपनी पहचान छुपाकर मीरा रोड के काशिगांव क्षेत्र में रह रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए काशिगांव पुलिस ने तुरंत उच्च अधिकारियों को अवगत कराया, जिसके बाद आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मुंबई-अहमदाबाद हाईवे स्थित वर्सावे गांव के पास हिलटॉप होटल इलाके में दबिश दी, जहां से आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी को 23 मार्च 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, एक आम नागरिक द्वारा दी गई सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इतने गंभीर मामले के फरार आरोपी को पकड़ना बड़ी सफलता है। इस ऑपरेशन को पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त दत्तात्रय शिंदे, पुलिस उपायुक्त संदीप डोईफोडे और सहायक पुलिस आयुक्त गणपत पिंगळे के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया।
काशिगांव पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राहुलकुमार पाटिल के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच टीम—जिसमें संजय पुजारी, विजय साठे, अभिजीत लांडे, दीपक वारे सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई—ने इस सराहनीय कार्रवाई को सफल बनाया।
यह गिरफ्तारी न केवल पुलिस की सक्रियता का उदाहरण है, बल्कि यह भी साबित करती है कि आम नागरिक की सतर्कता अपराधियों को पकड़ने में अहम भूमिका निभा सकती है।

More Stories
पेल्हार पुलिस का अपराध के खिलाफ सख्त एक्शन, गुंडागर्दी पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
वसई-विरार में बिजली संकट पर उच्चस्तरीय बैठक, समाधान के लिए ठोस कदमों के निर्देश
आदिवासी और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती, 6 एंबुलेंस का लोकार्पण