मुंबई एयरपोर्ट से इंटरनेशनल बेकरी फायरिंग केस का फरार आरोपी गिरफ्तार
सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
मीरा-भाईंदर। काशिमीरा स्थित इंटरनेशनल बेकरी में फायरिंग की कोशिश के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी निसार अहमद फजल अहमद शेख उर्फ पप्पू पेजर को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार 13 अक्टूबर 2023 की सुबह करीब 10:09 बजे काशिमीरा स्थित इंटरनेशनल बेकिंग कंपनी में कर्मचारी चंद्रकांत मल्लप्पा कोंडगुले काम पर मौजूद थे। इसी दौरान एक अज्ञात आरोपी ने उन्हें जान से मारने की नीयत से पिस्टल तानकर फायर करने की कोशिश की। हालांकि पिस्टल से गोली नहीं चली और आरोपी मौके से फरार हो गया। इस मामले में काशिमीरा पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 700/2023 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 307, 384, 386, 120 (बी), 34 के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37(1), 135 के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान यह मामला संगठित आपराधिक गिरोह की साजिश से जुड़ा पाया गया, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर इसमें महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (MCOCA) 1999 की धारा 3(1)(ii), 3(2) और 3(4) भी जोड़ी गई। मुख्य आरोपी निसार अहमद शेख उर्फ पप्पू पेजर घटना के बाद विदेश भाग गया था। 11 मार्च 2026 को सूचना मिली कि वह विमान से मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने वाला है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच यूनिट-1 की टीम ने उसे एयरपोर्ट से ही ताबे में ले लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ वडाला ट्रक टर्मिनल, भायखला और काशिमीरा पुलिस स्टेशन में कुल चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायालय ने उसे 20 मार्च 2026 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच एसीपी (क्राइम ब्रांच) मदन बल्लाळ कर रहे हैं। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त दत्तात्रय शिंदे, डीसीपी क्राइम ब्रांच संदीप डोईफोडे और एसीपी मदन बल्लाळ के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच यूनिट-1 की टीम ने की।

More Stories
पेल्हार पुलिस का अपराध के खिलाफ सख्त एक्शन, गुंडागर्दी पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
वसई-विरार में बिजली संकट पर उच्चस्तरीय बैठक, समाधान के लिए ठोस कदमों के निर्देश
आदिवासी और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती, 6 एंबुलेंस का लोकार्पण