मिशन शक्ति फेज-5 के तहत दोनों पक्षों को समझाकर कराया गया समझौता, महिलाओं को हेल्पलाइन व सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
जौनपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार (8 मार्च 2026) को महिला थाना जौनपुर पुलिस ने सराहनीय पहल करते हुए पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को आपसी समझाइश और काउंसलिंग के माध्यम से सुलझा दिया। महिला थाना प्रभारी श्यामा तिवारी के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के तहत दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी समस्याएं सुनी गईं और समझाकर आपसी सहमति से समझौता कराया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव व सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के मार्गदर्शन में की गई। मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत महिला थाना पुलिस द्वारा महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
महिला थाना में प्राप्त एक प्रार्थना पत्र में आवेदिका ने विपक्षी करण पुत्र रामवचन निवासी भड़ेवरा, थाना गौराबादशाहपुर पर गाली-गलौज और प्रताड़ना का आरोप लगाया था। जांच के दौरान दोनों पक्षों को मिशन शक्ति केंद्र पर बुलाकर उनकी बातों को गंभीरता से सुना गया और समझाइश दी गई। इसके बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से विवाद समाप्त करने का निर्णय लिया।
इस दौरान महिला थाना पुलिस ने दोनों पक्षों को महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन सेवाओं—पुलिस आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102 व 108, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वीमेन हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930—की जानकारी दी।
साथ ही विधवा पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, नशा मुक्ति भारत अभियान और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसी सरकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जागरूक किया गया।
महिला थाना की इस पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है, क्योंकि काउंसलिंग के माध्यम से एक परिवार को टूटने से बचाने के साथ-साथ महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया।

More Stories
पेल्हार पुलिस का अपराध के खिलाफ सख्त एक्शन, गुंडागर्दी पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
वसई-विरार में बिजली संकट पर उच्चस्तरीय बैठक, समाधान के लिए ठोस कदमों के निर्देश
आदिवासी और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती, 6 एंबुलेंस का लोकार्पण