भाजपा विधायक राजन नाईक के नेतृत्व में वरिष्ठ वन अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण
सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार: वसई-विरार शहर की पर्यटन पहचान को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से नालासोपारा विधानसभा क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये की लागत से मैंग्रोव (कांदळवन) पार्क विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। यह महत्वाकांक्षी परियोजना मारंबलपाड़ा खाड़ी क्षेत्र में लगभग छह एकड़ भूमि पर प्रस्तावित है।

भाजपा विधायक राजन नाईक के सतत प्रयासों के बाद वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने आज प्रस्तावित स्थल का दौरा कर विस्तृत निरीक्षण किया। इस पहल को वसई-विरार के पर्यटन विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मैंग्रोव की विभिन्न प्रजातियों के संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और पर्यटन विकास को ध्यान में रखते हुए विधायक राजन नाईक ने इस परियोजना की मांग की थी। उनके प्रस्ताव पर मंत्रालय में राज्य के वन मंत्री गणेश नाईक ने विशेष बैठक आयोजित कर विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए थे।

निरीक्षण के दौरान कांदळवन कक्ष के अपर प्रधान मुख्य वनसंरक्षक एस. वी. रामाराव के नेतृत्व में उत्तर कोकण विभागीय वनाधिकारी दीपक खाडे, सहायक वनसंरक्षक ज्ञानेश्वर राक्षे, वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रतीक मोडवान, वसई उपविभागीय अधिकारी शेखर घाडगे, तहसीलदार दीपक गायकवाड तथा वनपाल अंगद दत्तनुरे उपस्थित रहे।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों में विरोधी पक्ष नेता मनोज पाटील, जिला महामंत्री मनोज बारोट, गटनेता अशोक शेळके, नगरसेवक जितेंद्र पाटील, जयप्रकाश वझे, संजोग यंदे और शहर अध्यक्ष विशाल राऊत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यहां बनेगा मैंग्रोव पार्क
विरार के समीप मारंबलपाड़ा स्थित नई जेट्टी और पुरानी जेट्टी के बीच यह मैंग्रोव पार्क विकसित किया जाएगा। परियोजना के तहत समुद्री जीवों के अध्ययन के लिए एक ओपन डेक भी तैयार किया जाएगा, जिससे पर्यावरण शिक्षा और इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा।
भविष्य की विकास योजनाएं
विधायक राजन नाईक ने बताया कि आने वाले समय में विरार पूर्व क्षेत्र में बर्ड पार्क की स्थापना, महापालिका की आरक्षित जमीनों पर सुंदर उद्यानों का विकास तथा खेल मैदानों का निर्माण भी किया जाएगा। यह परियोजना न केवल पर्यावरण संरक्षण को मजबूती देगी, बल्कि वसई-विरार को पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान भी दिलाएगी।

More Stories
पेल्हार पुलिस का अपराध के खिलाफ सख्त एक्शन, गुंडागर्दी पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
वसई-विरार में बिजली संकट पर उच्चस्तरीय बैठक, समाधान के लिए ठोस कदमों के निर्देश
आदिवासी और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती, 6 एंबुलेंस का लोकार्पण