भाजपा विधायक राजन नाईक के प्रयास सफल, राज्य सरकार ने मांगा विस्तृत प्रस्ताव
सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
नालासोपारा। वसई-विरार शहर में हर वर्ष बारिश के दौरान उत्पन्न होने वाली गंभीर बाढ़ समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। नालासोपारा विधानसभा के भाजपा विधायक राजन नाईक के लगातार प्रयासों के बाद राज्य सरकार ने वसई-विरार महानगरपालिका को होल्डिंग पॉन्ड निर्माण के लिए तत्काल प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

वसई-विरार शहर महानगरपालिका क्षेत्र में हर साल मानसून के दौरान जलभराव और बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है और करोड़ों रुपये का नुकसान होता है। इस गंभीर समस्या को ध्यान में रखते हुए आयआयटी मुंबई तथा निरी संस्था द्वारा विस्तृत अध्ययन कर दीर्घकालीन समाधान के लिए रिपोर्ट तैयार की गई थी। रिपोर्ट के अनुसार शहर में होल्डिंग पॉन्ड निर्माण हेतु लगभग 117 करोड़ 92 लाख रुपये का अनुमानित व्यय निर्धारित किया गया है।

इस परियोजना को गति देने के लिए विधायक राजन नाईक ने 3 सितंबर 2025 को राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन से मुलाकात कर प्रारंभिक चरण के लिए 50 करोड़ रुपये की मांग की थी। उन्होंने इस विषय पर निरंतर पत्राचार और व्यक्तिगत स्तर पर भी फॉलोअप किया।

विधायक की मांग को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग ने पालघर जिलाधिकारी को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी ने वसई-विरार महानगरपालिका के शहर अभियंता को होल्डिंग पॉन्ड निर्माण के संबंध में विस्तृत प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने का आदेश दिया है। यह प्रस्ताव राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) की मार्गदर्शक सूचनाओं के अनुरूप तैयार किया जाएगा।
इस संबंध में भाजपा जिला महामंत्री मनोज बारोट ने जानकारी देते हुए कहा कि होल्डिंग पॉन्ड परियोजना को सरकारी स्तर पर मिली स्वीकृति से वसई-विरार में बाढ़ नियंत्रण के लिए ठोस और स्थायी समाधान का मार्ग प्रशस्त हुआ है। यदि प्रस्ताव शीघ्र स्वीकृत होता है, तो आने वाले समय में शहरवासियों को मानसून के दौरान बड़ी राहत मिल सकती है।

More Stories
पेल्हार पुलिस का अपराध के खिलाफ सख्त एक्शन, गुंडागर्दी पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
वसई-विरार में बिजली संकट पर उच्चस्तरीय बैठक, समाधान के लिए ठोस कदमों के निर्देश
आदिवासी और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती, 6 एंबुलेंस का लोकार्पण