Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

पुलिस भर्ती में नशे का इंजेक्शन लगाते पकड़ा गया अभ्यर्थी, मैदान से ही गिरफ्तार

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
मीरा-भाईंदर। मिरा-भाईंदर में चल रही पुलिस भर्ती प्रक्रिया के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस शिपाई भर्ती 2024-25 की मैदानी परीक्षा के बीच एक अभ्यर्थी को उत्तेजक द्रव्य का इंजेक्शन लगाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे भर्ती प्रक्रिया से तत्काल बाहर कर दिया गया है।

भर्ती मैदान में सख्त निगरानी के बीच खुलासा

20 फरवरी 2026 से नेताजी सुभाषचंद्र बोस मैदान में मिरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत पुलिस शिपाई भर्ती की मैदानी परीक्षा चल रही है।

23 फरवरी को करीब 2500 अभ्यर्थियों को शारीरिक परीक्षा के लिए बुलाया गया था। सुबह 5 बजे से प्रवेश शुरू हुआ और सभी उम्मीदवारों की शारीरिक तथा बैग की सघन तलाशी ली जा रही थी।

इसी दौरान अमली पदार्थ जांच पथक के सादे वेश में तैनात अधिकारियों ने 100 मीटर दौड़ ट्रैक के पास बिस्किट और ग्लूकोज टेंट के पीछे एक युवक को संदिग्ध हालत में देखा।

इंजेक्शन के जरिए शरीर में डाल रहा था उत्तेजक द्रव्य

पकड़े गए अभ्यर्थी की पहचान साहिल शंकर अवघडे (23 वर्ष), निवासी बारामती, जिला पुणे के रूप में हुई है। वह अपने हाथ में इंजेक्शन के माध्यम से उत्तेजक द्रव्य शरीर में प्रविष्ट कर रहा था। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर सरकारी अस्पताल में मेडिकल जांच कराई।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

भाईंदर पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 69/2026 दर्ज किया गया है। उस पर औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम 1940 की धारा 18 (क)(1), भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 और 62 के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही उसे पुलिस भर्ती प्रक्रिया से निष्कासित कर दिया गया है।

भर्ती मैदान में चाक-चौबंद सुरक्षा

भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पूरा मैदान CCTV निगरानी में, 69 हैंडीकैम वीडियो कैमरों की तैनाती, 20 पुलिसकर्मियों की अमली पदार्थ जांच टीम, दो सादे वेश की मोबाइल टीमें और डॉक्टरों की विशेष टीम तैनात की गई है। भर्ती नियंत्रण कक्ष द्वारा लगातार उद्घोषणा कर अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार के नशे या गैरकानूनी साधनों के उपयोग से दूर रहने की चेतावनी दी जा रही है।

अधिकारियों की सख्त चेतावनी

अपर पुलिस आयुक्त दत्तात्रय शिंदे ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि शारीरिक परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार के गैरकानूनी या अनुचित साधन का उपयोग न करें। ऐसा पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई के साथ भर्ती से स्थायी निष्कासन किया जाएगा।

संदेश साफ है

पुलिस भर्ती जैसी प्रतिष्ठित प्रक्रिया में नशे या धोखाधड़ी के लिए कोई स्थान नहीं है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि नियमों से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।