Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

रंगारंग प्रस्तुतियों से गूंजा परिसर

गोरखपुर। गंगोत्री देवी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित “युवा महोत्सव–2026” के अंतर्गत गृह विज्ञान विभाग द्वारा सुसज्जित शैक्षणिक एवं व्यवहारिक प्रदर्शनी का भव्य उद्घाटन कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों के करकमलों द्वारा गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर ज्ञान, सृजनशीलता और उत्साह से आलोकित दिखाई दिया।
प्रदर्शनी में पोषण एवं आहार प्रबंधन, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता, वस्त्र एवं परिधान निर्माण, खाद्य संरक्षण तकनीक, गृह सज्जा, पर्यावरण-अनुकूल उत्पाद तथा लघु उद्यम से संबंधित विविध मॉडलों और प्रायोगिक परियोजनाओं का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। छात्राओं ने स्वयं निर्मित उत्पादों, चार्टों एवं प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अपने कौशल और आत्मविश्वास का प्रभावशाली परिचय दिया। अतिथियों ने प्रत्येक स्टाल का अवलोकन कर छात्राओं से संवाद किया और उनके प्रयासों की मुक्तकंठ प्रशंसा की।
कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है जब वह जीवन से जुड़ती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी छात्राओं को व्यवहारिक दृष्टि प्रदान करती है और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करती है। गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रोफेसर दिव्या रानी सिंह ने कहा कि यह प्रदर्शनी छात्राओं के परिश्रम, अनुसंधान और नवाचार का परिणाम है। राजनीति शास्त्र विभागाध्यक्ष प्रोफेसर विनीता पाठक ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामाजिक चेतना को सुदृढ़ करते हैं।महाविद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. गौरी पाण्डेय ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य छात्राओं को समग्र शिक्षा प्रदान करना है, जिसमें ज्ञान के साथ कौशल और मूल्य भी समाहित हों। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए विभाग और छात्राओं को बधाई दी।
इस अवसर पर संरक्षिका श्रीमती रीना त्रिपाठी ने कहा कि बेटियों को उचित अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे हर क्षेत्र में उत्कृष्टता सिद्ध कर सकती हैं। आज की प्रदर्शनी इस विश्वास का सजीव प्रमाण है।
प्रबंध निदेशक आशुतोष मिश्र ने कहा कि महाविद्यालय प्रबंधन कौशल-आधारित एवं व्यवहारिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उद्घाटन समारोह के पश्चात छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसमें समूह नृत्य, देशभक्ति गीत और सृजनात्मक प्रस्तुतियों ने वातावरण को उत्सवमय बना दिया। छात्राओं की ऊर्जा और अनुशासन ने उपस्थित जनसमूह को प्रभावित किया।