Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

31 दिसंबर की पार्टी में गाने को लेकर विवाद, युवक की हत्या के मामले में 1 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार

गुन्हे प्रकटीकरण कक्ष-01 की बड़ी कामयाबी, कोर्ट ने भेजा 5 दिन की पुलिस हिरासत में

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
मीरारोड/वसई। 31 दिसंबर की पार्टी के दौरान हुए विवाद में एक युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की गुन्हे प्रकटीकरण कक्ष-01 टीम ने की है।

घटना 31 दिसंबर 2024 की रात की है। जानकारी के मुताबिक, 1 जनवरी 2025 की रात करीब 12:30 बजे शिकायतकर्ता प्रशांत संजयकुमार पांडे (24), निवासी शिव गर्जना बिल्डिंग, शांति गार्डन, मीरारोड-पूर्व, अपने मित्र राजा परियार और विपुल राय के साथ काशिमीरा स्थित म्हाडा बिल्डिंग, डेल्टा गार्डन, पांडुरंगवाड़ी में न्यू ईयर पार्टी मनाने गए थे।

पार्टी के दौरान बिल्डिंग परिसर में लगे साउंड सिस्टम पर गाना बजाने को लेकर प्रशांत पांडे और आशिष जाधव के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस विवाद की रंजिश में आशिष जाधव ने अपने साथियों को बुलाकर गैरकानूनी जमावड़ा किया और प्रशांत व उनके दोस्तों के साथ गाली-गलौज करते हुए लकड़ी के डंडों और घूंसों से हमला कर दिया।

हमले में राजा परियार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रशांत पांडे और विपुल राय गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में काशिमीरा पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 05/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया था।

एक साल से फरार था आरोपी

जांच के दौरान सामने आया कि घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि वांछित आरोपी आदेश उर्फ बाला प्रकाश जाधव नायगांव (वसई) के वाकीपाड़ा इलाके में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने कौशलपूर्वक कार्रवाई करते हुए 19 फरवरी 2025 को निसर्ग रेसिडेंसी, वाकीपाड़ा, नायगांव, जिला पालघर से आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसका इस वारदात में शामिल होना स्पष्ट हुआ, जिसके बाद उसे आगे की जांच के लिए काशिमीरा पुलिस के हवाले कर दिया गया। अदालत ने आरोपी को 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मामले की गहन जांच जारी है।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त दत्तात्रय शिंदे, पुलिस उपायुक्त (क्राइम) संदीप डोईफोडे और सहायक पुलिस आयुक्त मदन बल्लाल के मार्गदर्शन में की गई। प्रभारी पुलिस निरीक्षक सुशीलकुमार शिंदे के नेतृत्व में गुन्हे प्रकटीकरण कक्ष-01 की टीम और साइबर विभाग ने संयुक्त रूप से यह सफलता हासिल की।

पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।