जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह के निर्देश पर राजस्व अभिलेखों की त्रुटि सुधरी, प्रार्थी ने जताया आभार
सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
जौनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर में गुरुवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान वर्षों से लंबित एक राजस्व विवाद का समाधान महज एक घंटे में कर प्रशासन ने तत्परता की मिसाल पेश की। ग्राम हुसेपुर, तहसील सदर निवासी रामफेर प्रजापति पुत्र घुटई ने जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर अवगत कराया कि पूर्व में उनका नाम खतौनी में दर्ज था, किंतु परिवार के अन्य खातेदारों की मृत्यु के पश्चात वरासत दर्ज करते समय उनका नाम हटा दिया गया और राधेश्याम के उत्तराधिकारियों का नाम अंकित कर दिया गया। इस त्रुटि के चलते वे कई वर्षों से परेशान थे और न्याय की आस में भटक रहे थे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सदर तथा संबंधित राजस्व अधिकारियों को तत्काल अभिलेखों की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष हो तथा यदि किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाए तो नियमानुसार तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निर्देशों के अनुपालन में राजस्व विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभिलेखों का परीक्षण किया। जांच में त्रुटि पाए जाने पर खतौनी में रामफेर प्रजापति का नाम पुनः दर्ज कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि पूरे प्रकरण का निस्तारण एक घंटे के भीतर कर जनसुनवाई कक्ष में ही संशोधित खतौनी की प्रति उन्हें उपलब्ध करा दी गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि राजस्व अभिलेखों में किसी भी प्रकार की मामूली त्रुटि को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। खतौनी प्राप्त होने पर रामफेर प्रजापति ने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शासन-प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया। जनसुनवाई में हुई यह त्वरित कार्रवाई प्रशासन की संवेदनशीलता और जवाबदेही को दर्शाती है।

More Stories
100 क्षय रोगियों को मिली पोषण पोटली, डीएम ने किया वितरण
होमगार्ड भर्ती परीक्षा 25 से 27 अप्रैल तक, 19 केंद्रों पर कड़ी निगरानी
वाराणसी जोन पुलिस की डिजिटल पहल