विरार का बहुप्रतीक्षित नारंगी फ्लाईओवर का उद्घाटन कल
सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। विरार शहर की वर्षों पुरानी ट्रैफिक समस्या को बड़ी राहत देने वाला बहुप्रतीक्षित नारंगी रेलवे फ्लाईओवर आखिरकार 8 मई 2026 से जनता के लिए खोल दिया जाएगा। बहुजन विकास आघाडी के प्रमुख व पूर्व विधायक हितेंद्र ठाकुर के लगातार प्रयासों और मजबूत पैरवी के चलते यह महत्वपूर्ण परियोजना अब पूरी तरह तैयार हो चुकी है। केंद्र सरकार और महाराष्ट्र सार्वजनिक बांधकाम विभाग के सहयोग से बने इस फ्लाईओवर को विरार के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

दरअसल, विरार की तेजी से बढ़ती आबादी और भविष्य में बढ़ने वाले ट्रैफिक दबाव को देखते हुए लोकनेता हितेंद्र ठाकुर ने शुरुआत से ही इस पुल को केवल दो लेन तक सीमित न रखने की मांग उठाई थी। उन्होंने इसे चार लेन का बनाने पर जोर दिया, ताकि आने वाले वर्षों में नागरिकों को ट्रैफिक जाम से स्थायी राहत मिल सके। इस मांग को आगे बढ़ाने में तत्कालीन विधायक क्षितिज ठाकुर, पूर्व महापौर नारायण मानकर तथा स्थायी समिति सभापति प्रवीण शेट्टी ने प्रशासन के साथ लगातार समन्वय किया।
मूल योजना में बदलाव और परियोजना का दायरा बढ़ने के कारण पुल के निर्माण में कुछ अतिरिक्त समय जरूर लगा, लेकिन अब यह निर्णय विरारवासियों के लिए बड़ी राहत साबित होने जा रहा है।
अब तक विरार पूर्व और पश्चिम को जोड़ने वाला केवल एक फ्लाईओवर हल्के वाहनों के लिए उपलब्ध था, जिसके कारण मात्र 500 मीटर की दूरी तय करने में लोगों को आधे घंटे से लेकर एक घंटे तक जाम में फंसना पड़ता था। नए चौपदरी फ्लाईओवर के शुरू होने के बाद इस गंभीर समस्या से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है।
पुल की गुणवत्ता और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महापौर अजीव पाटील और सभागृह नेता प्रफुल्ल साने ने 14 अप्रैल 2026 को स्थल का निरीक्षण भी किया था। रेल प्रशासन ने पहले 19 अप्रैल को उद्घाटन की संभावित तारीख तय की थी, लेकिन कुछ तकनीकी कारणों से कार्यक्रम को आगे बढ़ाना पड़ा।
इस दौरान महापौर अजीव पाटील ने रेल अधिकारियों से चर्चा कर पुराने रेलवे फाटक की जगह नागरिकों के लिए स्थायी अंडरपास बनाए जाने की भी जोरदार मांग रखी, ताकि पुराने मार्ग के बंद होने से स्थानीय लोगों को परेशानी न हो।
सभी तकनीकी अड़चनों को पार करते हुए अब यह फ्लाईओवर पूरी तरह तैयार है। कल होने वाले उद्घाटन के साथ ही विरार की ट्रैफिक व्यवस्था को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है और शहर विकास के एक नए दौर में प्रवेश करेगा।

More Stories
वसई-विरार में पत्रकारों की एकजुटता, बनी आधिकारिक संघ की राह
पेल्हार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सचिन कांबले के नेतृत्व में क्राइम डिटेक्शन टीम की शानदार कामयाबी
मालजीपाड़ा खाड़ी किनारे अवैध देसी शराब भट्टियों पर छापा, लाखों का सामान नष्ट