Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

वसई-विरार में पत्रकारों की एकजुटता, बनी आधिकारिक संघ की राह

बैठक में सर्वसम्मति से ‘वसई विरार महापालिका पत्रकार संघ’ गठन का निर्णय

 


सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। वसई-विरार में कार्यरत पत्रकारों के लिए एक साझा मंच तैयार करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। सोमवार को आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में सभी पत्रकारों ने एकमत से ‘वसई विरार महापालिका पत्रकार संघ’ के गठन का निर्णय लिया। इस संघ के माध्यम से क्षेत्र के पत्रकारों को एक आधिकारिक पहचान और संगठित शक्ति मिलने की उम्मीद है।

बैठक में तय किया गया कि संघ की कार्यकारिणी का चयन लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव द्वारा किया जाएगा, जबकि सदस्यता पंजीकरण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। यह संगठन महानगरपालिका के अंतर्गत एक अधिकृत संस्था के रूप में कार्य करेगा।

दरअसल, वसई-विरार महापालिका के आयुक्त पृथ्वीराज बीपी के सुझाव के बाद इस पहल को गति मिली। इसी क्रम में 27 अप्रैल को महापालिका मुख्यालय में आयोजित बैठक में संघ के स्वरूप, कार्यप्रणाली और चुनाव प्रक्रिया जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

इस बैठक में 90 से अधिक पत्रकारों ने भाग लिया। इनमें मराठी, हिंदी और अंग्रेजी मीडिया से जुड़े प्रतिनिधि, संपादक, टीवी चैनलों के पत्रकार, डिजिटल पोर्टल और यूट्यूब चैनलों से जुड़े मीडिया कर्मी शामिल थे। खास बात यह रही कि महिला पत्रकारों की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।

बैठक में सर्वसम्मति से यह भी तय हुआ कि संघ में सभी सक्रिय पत्रकारों को बिना किसी भेदभाव के सदस्य बनाया जाएगा। यूट्यूब पत्रकारों को पालिका में पंजीकरण के दौरान आने वाली तकनीकी दिक्कतों पर भी चर्चा कर समाधान निकाला गया।

अब अगले चरण में सदस्यता अभियान शुरू होगा, जिसके बाद चुनाव कार्यक्रम घोषित किया जाएगा। बिना किसी विवाद के सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई इस बैठक ने वसई-विरार के पत्रकारों की एकजुटता का मजबूत संदेश दिया है।