सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार (20 मार्च 2026) को संचारी रोग नियंत्रण अभियान-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने जानकारी दी कि जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक तथा दस्तक अभियान 10 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा।

डीएम ने स्पष्ट किया कि यह अभियान मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ गंभीरता से कार्य करते हुए इसे सफल बनाएं। उन्होंने संबंधित विभागों की कार्ययोजनाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि नियमित रूप से फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। शिक्षा विभाग को विद्यालयों के माध्यम से बच्चों और अभिभावकों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए, वहीं जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम प्रधानों के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाने को कहा गया।
उन्होंने चेतावनी दी कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से साफ-सफाई बनाए रखने और जलजनित रोगों से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की गई।
बैठक में डीएम ने बताया कि भारत सरकार द्वारा गर्भाशय कैंसर की रोकथाम के लिए 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों हेतु एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम शुरू किया गया है। जनपद में यह टीका निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में टीकाकरण जिला महिला चिकित्सालय में प्रारंभ हो चुका है तथा 01 अप्रैल से सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी लगाया जाएगा।
उन्होंने अभिभावकों एवं किशोरियों से अपील की कि वे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर इस टीके का लाभ अवश्य लें। डीएम ने बताया कि बाजार में इस टीके की कीमत करीब ₹4000 है, जबकि सरकार इसे मुफ्त उपलब्ध करा रही है।

More Stories
100 क्षय रोगियों को मिली पोषण पोटली, डीएम ने किया वितरण
होमगार्ड भर्ती परीक्षा 25 से 27 अप्रैल तक, 19 केंद्रों पर कड़ी निगरानी
वाराणसी जोन पुलिस की डिजिटल पहल