Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

ईद व नवरात्रि को लेकर जिला शांति समिति की बैठक संपन्न, अधिकारियों को दिए गए अहम निर्देश

सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
जौनपुर। आगामी ईद एवं नवरात्रि पर्व के मद्देनज़र कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. दिनेश सिंह ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह भी उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी त्योहार आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के प्रतीक होते हैं, जिन्हें मिल-जुलकर मनाना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद की प्रमुख सड़कों को गड्ढामुक्त रखा जाए और जहां मरम्मत की आवश्यकता हो, उसे शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि त्योहारों के दौरान आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इसके साथ ही उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान निर्बाध और सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। नगर निकायों को साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और पर्याप्त पुलिस बल, जिसमें महिला पुलिस बल भी शामिल है, की तैनाती की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

बैठक में धर्मगुरु, जनप्रतिनिधि, नगर निकायों के चेयरमैन, मुख्य राजस्व अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), नगर मजिस्ट्रेट सहित शांति समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।