सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। वसई-विरार शहर महानगरपालिका में महापौर अजीव पाटील की अध्यक्षता में गैस सिलेंडर आपूर्ति को लेकर मंगलवार (17 मार्च 2026) को अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विभिन्न गैस एजेंसियों, होटल एसोसिएशन, पुलिस प्रशासन और कई सरकारी विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में अंतरराष्ट्रीय हालात—खासतौर पर मध्यपूर्व, अमेरिका और यूरोप में जारी तनाव—को देखते हुए शहर में घरेलू और व्यावसायिक गैस आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में घरेलू गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को तय समय सीमा में सिलेंडर की आपूर्ति की जाएगी।

अनावश्यक भीड़ से बचने की अपील
महानगरपालिका आयुक्त मनोजकुमार सूर्यवंशी ने नागरिकों से अपील की कि वे गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घरेलू गैस का उपयोग केवल घरेलू कार्यों के लिए ही किया जाए। इसके उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
एजेंसियों को सख्त निर्देश
प्रशासन ने गैस वितरकों को निर्देश दिए कि वे बुकिंग के बाद समय पर सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित करें। साथ ही, जिन इलाकों में पाइपलाइन गैस उपलब्ध है, वहां सिलेंडर की मांग और आपूर्ति दोनों पर रोक रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा और आपात व्यवस्था पर जोर
गैस वितरण के दौरान सुरक्षा के सभी मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचना देने को कहा गया है।
व्यावसायिक गैस पर सीमित आपूर्ति
फिलहाल व्यावसायिक उपयोग के लिए केवल 10% गैस आपूर्ति के निर्देश शासन स्तर से जारी हैं। महापौर ने भरोसा दिलाया कि इस सीमा को बढ़ाने के लिए सरकार से बातचीत की जाएगी।
लघु उद्योगों को राहत का भरोसा
बैठक में खाखरा बनाने वाले छोटे उद्योगों ने गैस आपूर्ति में आ रही दिक्कतों को उठाया। इस पर महापौर ने उन्हें हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया और गुजरात गैस के प्रतिनिधियों को आवश्यक मदद के निर्देश दिए।
जनता से अपील
महापौर अजीव पाटील ने कहा कि शहर में गैस की कोई कमी नहीं है, इसलिए लोग घबराएं नहीं, अफवाहों से दूर रहें और व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
बैठक में नगर के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग, गैस एजेंसियों और होटल एसोसिएशन के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

More Stories
नालासोपारा में वायरल झूठा मैसेज ने मचाया बवाल, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग हुई तेज
पालघर में पीएम मोदी और सनातन विरोधी पोस्ट से भड़का बजरंग दल, आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
मानसून से पहले VVCMC अलर्ट: आयुक्त ने नाला सफाई कार्यों का किया निरीक्षण