सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
विरार (पालघर): ग्रामीण महिलाओं के हुनर और आत्मनिर्भरता को नई पहचान देने वाले कोकण विभागीय सरस महोत्सव 2026 ने इस बार बिक्री के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। 12 से 16 मार्च तक चले इस 5 दिवसीय महोत्सव में 1 करोड़ 10 लाख 640 रुपये की शानदार बिक्री दर्ज की गई।

जिला परिषद पालघर और वसई-विरार शहर महानगरपालिका के संयुक्त आयोजन में हुए इस महोत्सव ने महिला स्व-सहायता समूहों को मजबूत मंच दिया। महाराष्ट्र राज्य ग्रामीण जीवनोन्नती अभियान (उमेद) के तहत 89.12 लाख रुपये, जबकि NULM के माध्यम से 20.88 लाख रुपये की बिक्री हुई।
पहले दिन की भविष्यवाणी, महिलाओं ने कर दिखाया सच
कोकण विभागीय आयुक्त डॉ. विजय सूर्यवंशी ने उद्घाटन के दिन ही महिलाओं के 1 करोड़ पार करने का भरोसा जताया था, जिसे महिलाओं ने अपने परिश्रम से सच साबित कर दिया।
स्टॉल्स पर उमड़ी भीड़, उत्पादों की भारी मांग
महोत्सव में लगे स्टॉल्स पर मसाले, पापड़, अचार, मिठाई, दुग्ध उत्पाद, चॉकलेट, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, बांस और लकड़ी के उत्पाद, सजावटी सामान जैसी वस्तुओं की जमकर बिक्री हुई। कई समूहों को बड़े ऑर्डर भी मिले, जिनमें वाड़ा कोलम चावल, बेसन, सेवई और मोरिंगा पाउडर प्रमुख रहे।
महिला समूहों ने दिखाई शानदार प्रदर्शन
शहरी समूहों में पांचाल, तुळजाई और रुचिरा बचत समूह ने सबसे ज्यादा बिक्री की, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्मरण (पालघर), माऊली (विक्रमगढ़) और साईकृपा (वाडा) समूह आगे रहे। वहीं, आकर्षक स्टॉल सजावट के लिए भी कई समूहों को सम्मानित किया गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सराहा प्रयास
महोत्सव के समापन समारोह में कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। आमदार स्नेहा दुबे और राजन नाईक ने भी महिलाओं के कार्य की सराहना की। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे ने कहा, “सरस महोत्सव महिलाओं को बाजार से जोड़ने और आत्मविश्वास बढ़ाने का सशक्त माध्यम है।”
महिलाओं के आत्मविश्वास में दिखी नई चमक
इस महोत्सव ने न सिर्फ महिलाओं को अपनी उत्पाद बेचने का अवसर दिया, बल्कि उन्हें ग्राहकों से सीधे जुड़ने और नए व्यापारिक अवसर पाने का भी मौका मिला।
1 करोड़ से अधिक की बिक्री पार कर महिलाओं ने यह साबित कर दिया कि वे अब आत्मनिर्भरता की नई मिसाल बन रही हैं।

More Stories
पेल्हार पुलिस का अपराध के खिलाफ सख्त एक्शन, गुंडागर्दी पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
वसई-विरार में बिजली संकट पर उच्चस्तरीय बैठक, समाधान के लिए ठोस कदमों के निर्देश
आदिवासी और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती, 6 एंबुलेंस का लोकार्पण