नागरिकों को एक ही स्थान पर मिली विभिन्न शासकीय सेवाएं
सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
पालघर। महाराष्ट्र शासन के महसूल विभाग की ओर से चलाए जा रहे ‘छत्रपति शिवाजी महाराज महसूल समाधान शिविर अभियान (चरण-1)’ के तहत ग्राम पंचायत कार्यालय देहर्जे (तहसील विक्रमगड) में शनिवार (14 मार्च 2026) को समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी तेजस चव्हाण, तहसीलदार मयूर चव्हाण, ग्राम पंचायत सरपंच प्रसाद जाधव सहित तालुका स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर में नागरिकों की राजस्व से जुड़ी समस्याओं और लंबित मामलों का मौके पर ही निपटारा करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी।
शिविर के दौरान नागरिकों को 7/12 उतारा, 8-अ उतारा और अन्य आवश्यक प्रमाणपत्रों का वितरण किया गया। इसके अलावा 7/12 रिकॉर्ड अपडेट, ई-मोजणी, पाणंद मार्ग से संबंधित कार्यवाही, अभिलेख सुधार हेल्पडेस्क, अकृषिक सुधार मार्गदर्शन, पीएम किसान योजना, द्वितीय राशन कार्ड वितरण, लंबित फेरफार मामलों का निपटारा, तुकडेबंदी कानून के तहत कार्यवाही, सामाजिक सहायता योजनाओं की जानकारी, स्वास्थ्य जांच तथा मुफ्त डिजिटल सातबारा जैसी कई सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में गर्भवती महिलाओं को ‘बेबी किट’ वितरित किए गए। वहीं किसानों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से एक ट्रैक्टर और एक पावर टिलर भी प्रदान किया गया। शासन के ‘सिंगल डे सर्विस डिलीवरी’ उपक्रम के अंतर्गत कई सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से नागरिकों ने संतोष व्यक्त किया।
इसी अभियान के तहत विरार में भी महसूल समाधान शिविर आयोजित किया गया, जहां समाज के विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में पहुंचकर योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। शासन का यह उपक्रम आम नागरिकों और किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने की दिशा में काफी प्रभावी साबित हो रहा है।

More Stories
पेल्हार पुलिस का अपराध के खिलाफ सख्त एक्शन, गुंडागर्दी पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
वसई-विरार में बिजली संकट पर उच्चस्तरीय बैठक, समाधान के लिए ठोस कदमों के निर्देश
आदिवासी और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती, 6 एंबुलेंस का लोकार्पण