एमएमआरडीए की समीक्षा बैठक में बड़ा निर्णय, भाजपा विधायक राजन नाईक का प्रयास रंग लाया
सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
नालासोपारा। मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग से विरार स्टेशन और नालासोपारा स्टेशन तक आने वाली दोनों कंक्रीट सड़कों तथा विराटनगर और ओसवालनगरी में प्रस्तावित रेलवे फ्लाईओवर का निर्माण अब सर्वोच्च प्राथमिकता से किया जाएगा। यह निर्णय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के ‘वॉर रूम’ निर्देशों के तहत बुलाई गई शुक्रवार (20 फरवरी 2026) को एमएमआरडीए की समीक्षा बैठक में लिया गया। बैठक नालासोपारा विधानसभा भाजपा विधायक राजन नाईक के सतत प्रयासों के बाद आयोजित की गई।

बैठक में एमएमआरडीए की ओर से स्पष्ट किया गया कि महापालिका द्वारा लागत का अंतिम प्रस्ताव प्रस्तुत होते ही निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही वसई तालुका के लिए रिंग रोड परियोजना का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री द्वारा वसई-पालघर क्षेत्र की परियोजनाओं में तेजी लाने के लिए एमएमआरडीए की जिम्मेदारी वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई है। बैठक में महेंद्र पाटील, चेतन बेंडाळे, सुरेंद्र शेवाळे और नगर अभियंता प्रदीप पाचंगे सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
छह प्रमुख ट्रैफिक जंक्शन फ्लाईओवर को भी गति
गोखिवरे, चंदननाका, मनवेलपाडा-फुलपाडा, माणिकपुर-बाभोला नाका, वसंत नगरी-एव्हरशाइन तथा नारिंगी (साईनाथनगर) जंक्शन पर प्रस्तावित फ्लाईओवर परियोजनाओं के लिए संशोधित लागत अनुमान शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
इन निर्णयों से वसई-विरार क्षेत्र में यातायात सुगमता और बुनियादी ढांचे को नई गति मिलने की उम्मीद है।

More Stories
एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का भंडाफोड़, सरगना गिरफ्तार
मुंबई में “माय भारत बजट क्वेस्ट 2026” का भव्य समापन, युवाओं ने दिया विकसित भारत का संकल्प
महापौर की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की संयुक्त बैठक, मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा