Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

जौनपुर में पुलिसकर्मियों की समस्याओं के समाधान के लिए PGRU कैंप, SSP के निर्देश पर त्वरित निस्तारण

सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
जौनपुर। जनपद में पुलिसकर्मियों की विभागीय समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में गठित P.G.R.U. (पुलिस ग्रीवांस रिड्रेसल यूनिट) टीम सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। इसी क्रम में गुरुवार (19 फरवरी 2026) को थाना कोतवाली, लाइन बाजार और महिला थाना परिसर में विशेष कैंप लगाकर पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनी गईं और मौके पर ही उनके निस्तारण की कार्रवाई की गई।

P.G.R.U. टीम ने जिले में तैनात पुलिसकर्मियों की वेतन विसंगति, एरियर भुगतान, वार्षिक वेतन वृद्धि (इन्क्रीमेंट), जीपीएफ, चिकित्सा प्रतिपूर्ति सहित अन्य विभागीय मामलों से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लिया। टीम द्वारा समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जनपद के सभी पुलिसकर्मी अपनी विभागीय समस्याएं P.G.R.U. के व्हाट्सएप नंबर पर प्रार्थना पत्र भेजकर दर्ज करा सकते हैं, जिससे उनका शीघ्र समाधान कराया जा सके।

आयोजित कैंप में P.G.R.U. प्रभारी उपनिरीक्षक नयन कुमार राय अपनी टीम के साथ मौजूद रहे और पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनकर संबंधित शाखाओं को आवश्यक निर्देश दिए।

पुलिस विभाग की इस पहल को पुलिसकर्मियों के बीच सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। विभागीय समस्याओं के त्वरित समाधान से पुलिस बल का मनोबल बढ़ेगा और कार्यक्षमता में भी सुधार आएगा।