साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव व निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर दिया विशेष जोर
सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
जौनपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ-साथ पुलिस बल के कार्य वातावरण को बेहतर बनाने की दिशा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने बुधवार (18 फरवरी 2026) को रिजर्व पुलिस लाइन का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पुलिसकर्मियों के लिए संचालित कैंटीन, जलपान गृह, यातायात शाखा कार्यालय, विभिन्न प्रशासनिक कक्षों एवं बैरकों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पुलिसकर्मियों को बेहतर एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो सके।

अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि रिकॉर्ड संधारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस लाइन परिसर में चल रहे नवीन निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच की और कड़े शब्दों में निर्देश दिया कि कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। साथ ही, सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने की हिदायत दी।
इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) गोल्डी गुप्ता, क्षेत्राधिकारी सदर देवेश सिंह, प्रतिसार निरीक्षक जौनपुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
निरीक्षण के इस कार्यक्रम से पुलिस महकमे में सक्रियता और अनुशासन का संदेश गया है।

More Stories
100 क्षय रोगियों को मिली पोषण पोटली, डीएम ने किया वितरण
होमगार्ड भर्ती परीक्षा 25 से 27 अप्रैल तक, 19 केंद्रों पर कड़ी निगरानी
वाराणसी जोन पुलिस की डिजिटल पहल