मिशन शक्ति के तहत 24 घंटे मुस्तैद रहेगी विशेष टीम, स्कूल-कॉलेजों में भी करेगी जागरूकता अभियान
सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
जौनपुर। महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जौनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह ने जनपद में “शक्ति मोबाइल टीम” का गठन सोमवार (16 फरवरी 2026) को किया है। पुलिस लाइन जौनपुर परिसर से सहायक पुलिस अधीक्षक सृष्टि जैन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में शक्ति मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत शुरू की गई यह पहल नारी स्वावलंबन और सुरक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। इस अवसर पर एसएसपी ने टीम में तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जनपद में बालिकाओं और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशीलता, तत्परता और संवाद तीनों आवश्यक हैं।
24 घंटे रहेगी मुस्तैद
शक्ति मोबाइल टीम दिन-रात दो शिफ्टों में कार्य करेगी। प्रत्येक शिफ्ट में एक महिला उपनिरीक्षक, दो महिला आरक्षी, दो आरक्षी एवं चालक तैनात रहेंगे। यह टीम स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, बाजार और उन स्थानों पर नियमित भ्रमण करेगी जहां महिलाओं का आवागमन अधिक रहता है।
टीम न केवल आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्रदान करेगी, बल्कि छात्राओं और महिलाओं से संवाद स्थापित कर उनका फीडबैक भी लेगी तथा समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रयास करेगी।
जागरूकता से लेकर कार्रवाई तक
शक्ति मोबाइल टीम के प्रमुख कार्यों में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम, आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता, कानूनी परामर्श एवं मार्गदर्शन, सरकारी योजनाओं व हेल्पलाइन की जानकारी और अपराधियों की गिरफ्तारी और विधिक कार्रवाई शामिल हैं।
पुलिस प्रशासन का संदेश
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी सदर देवेश सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आमजन ने भी इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि इससे महिला संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगेगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश दिया कि “जौनपुर पुलिस महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए हर समय प्रतिबद्ध है।” महिला सुरक्षा की दिशा में यह नई पहल जौनपुर में भरोसे और सुरक्षा का एक सशक्त प्रतीक बनकर उभरी है।

More Stories
100 क्षय रोगियों को मिली पोषण पोटली, डीएम ने किया वितरण
होमगार्ड भर्ती परीक्षा 25 से 27 अप्रैल तक, 19 केंद्रों पर कड़ी निगरानी
वाराणसी जोन पुलिस की डिजिटल पहल