सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
जौनपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने बुधवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने टीडी कॉलेज आर्ट फैकल्टी, टीडी लॉ कॉलेज तथा टीडी इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों से परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही परीक्षा की गोपनीयता, सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधाओं तथा आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की भी समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और सतर्कता के साथ संपन्न कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं तथा परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संचालित होती मिली। प्रशासन द्वारा परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

More Stories
डायट भदोही बनेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, 14 करोड़ से अधिक की परियोजना का शिलान्यास
हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने किया फ्लैग मार्च