सांसद डॉ. हेमंत सवरा के प्रयास रंग लाए, 5 करोड़ से बनेंगे दो आधुनिक उद्यान
सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। पालघर लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. हेमंत विष्णु सवरा के सतत प्रयासों से वसई-विरार शहर महानगरपालिका क्षेत्र में दो अत्याधुनिक उद्यानों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। इन परियोजनाओं के लिए कुल 5 करोड़ रुपये का निधि स्वीकृत हुआ है। इसकी जानकारी विपक्ष के नेता मनोज पाटील ने दी।

विकास के लिए किया गया था विशेष प्रयास
बताया गया कि नालासोपारा विधानसभा के विधायक राजन नाईक के अनुरोध पर सांसद सवरा ने 14 फरवरी 2025 को जिला नियोजन समिति के समक्ष विशेष प्रस्ताव रखा था। इस प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए वर्ष 2024-25 की जिला वार्षिक योजना (दलितेत्तर वस्ती सुधार योजना) के तहत इन उद्यानों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई।
बोळिंज में बनेगा साइंस गार्डन
प्रभाग समिति ‘अ’ के अंतर्गत बोळिंज स्थित साइंस गार्डन के लिए 2.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यहां वैज्ञानिक उपकरणों और आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिससे बच्चों और विद्यार्थियों को खेल-खेल में विज्ञान के सिद्धांतों को समझने का अवसर मिलेगा।
तकनीकी अड़चन के बाद बदला गया स्थान
भाजपा नेता मनोज पाटील ने बताया कि नरवीर चिमाजी आप्पा उद्यान के लिए प्रस्तावित कार्यों को तकनीकी कारणों से स्थानांतरित करना पड़ा। संबंधित भूखंड भारतीय पुरातत्व विभाग के अधीन होने के कारण अनुमति नहीं मिल सकी। इसके बाद सांसद सवरा ने पहल करते हुए इस परियोजना को प्रभाग समिति ‘आय’ के अंतर्गत आरक्षित भूखंड क्रमांक 388 में स्थानांतरित कराया, ताकि निधि व्यर्थ न जाए और नागरिकों को सुविधाएं मिल सकें।
नए उद्यान में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
प्रभाग समिति ‘आय’ वसई के अंतर्गत बनने वाले नए उद्यान के लिए भी 2.5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यहां ओपन जिम, एडवेंचर थीम पार्क, बच्चों के खेल उपकरण और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे नागरिकों को बेहतर मनोरंजन और स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
अंतिम मंजूरी की ओर बढ़ा प्रस्ताव
यह महत्वपूर्ण प्रस्ताव 23 अप्रैल 2026 को वसई-विरार शहर महानगरपालिका की महासभा में अंतिम मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया गया है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद वसई-विरार क्षेत्र के सौंदर्यीकरण में वृद्धि होगी और खासकर बच्चों व स्वास्थ्य प्रेमियों के लिए यह एक बड़ी सौगात साबित होगी।
शहर में उत्साह का माहौल
सांसद डॉ. हेमंत सवरा की विकासोन्मुख सोच और मनोज पाटील द्वारा दी गई जानकारी के बाद शहरवासियों में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।

More Stories
नालासोपारा में वायरल झूठा मैसेज ने मचाया बवाल, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग हुई तेज
पालघर में पीएम मोदी और सनातन विरोधी पोस्ट से भड़का बजरंग दल, आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
मानसून से पहले VVCMC अलर्ट: आयुक्त ने नाला सफाई कार्यों का किया निरीक्षण