Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

भुलईपुर महोत्सव में शिक्षा, संस्कार और प्रतिभा का संगम, डीएम व जिला पंचायत अध्यक्ष रहे मौजूद

सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
भदोही। जनपद के कंपोजिट विद्यालय भुलईपुर में गुरुवार को भव्य “भुलईपुर महोत्सव” का आयोजन जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी एवं जिलाधिकारी शैलेष कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कार, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का समन्वित प्रदर्शन देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके उपरांत छात्र-छात्राओं द्वारा लोकनृत्य, समूहगान, नाटक एवं देशभक्ति आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक व्यवस्था को प्रदर्शित किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं जिलाधिकारी ने नवनिर्मित अतिरिक्त कक्ष, को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्र तथा “लर्निंग बाय डूइंग” प्रयोगशाला का लोकार्पण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की स्वच्छता, खेल मैदान, किचन गार्डन एवं बागवानी व्यवस्था की सराहना की गई। कक्षा 1 एवं 2 के बच्चों के लिए डेस्क-बेंच उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

कार्यक्रम में मेधावी छात्रों को साइकिल, पंखा, पुस्तकें एवं अन्य पुरस्कार वितरित किए गए। साथ ही राष्ट्रपति सम्मानित शिक्षक अशोक कुमार गुप्ता सहित राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के समग्र विकास पर ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में विद्यार्थियों के लिए नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं शारीरिक सुदृढ़ता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने “स्कूल चलो अभियान” के तहत अभिभावकों से बच्चों का नियमित नामांकन एवं उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत पीटी एवं व्यायाम प्रदर्शन ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

अंत में आयोजकों द्वारा अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। भुलईपुर महोत्सव शिक्षा, संस्कृति एवं सामाजिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार का एक सशक्त मंच बनकर उभरा।