Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

वसई-विरार में बारिश से पहले अलर्ट मोड: आयुक्त ने नालों और जलभराव वाले इलाकों का किया निरीक्षण

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। आगामी मानसून को देखते हुए वसई-विरार शहर महानगरपालिका पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी कड़ी में आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. ने गुरुवार को शहर के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर मुख्य नालों और जलभराव संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि मानसून में जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रहनी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की बाढ़ जैसी स्थिति से बचा जा सके और नागरिकों को परेशानी न हो। उन्होंने नालों की समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नालों की सफाई और गाद निकालने पर जोर

आयुक्त ने अधिकारियों से नालों में जमी गाद हटाने, अवरोध दूर करने और चल रही सफाई अभियान की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि बारिश से पहले सभी नाले और गटर पूरी तरह साफ और अवरुद्ध रहित हों।

जलभराव रोकने के लिए अतिरिक्त इंतजाम

जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी जमा न हो, इसके लिए अतिरिक्त पंपिंग व्यवस्था तैयार रखने, इमरजेंसी कंट्रोल रूम सक्रिय रखने तथा पर्याप्त मानव संसाधन और उपकरण उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए।

इन इलाकों का किया गया दौरा

निरीक्षण के दौरान विरार (पश्चिम) के रेलवे कल्वर्ट क्र. 83, म्हाडा बिल्डिंग क्षेत्र, बोलींज-खारोडी मार्ग, गोकुल टाउनशिप, रानपाड़ा, आगाशी, युनिटेक कॉम्प्लेक्स, नारंगी गांव, आचोले, गोखीवरे, राजावली पुल, ओमनगर समेत कई संवेदनशील और जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया गया।

अधिकारियों की मौजूदगी में समीक्षा

इस मौके पर अतिरिक्त आयुक्त (दक्षिण) संजय हेरवाडे, अतिरिक्त आयुक्त (उत्तर) दीपक सावंत, नगर निगम के उप आयुक्त, अभियंता, स्वास्थ्य निरीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

नागरिकों से भी की अपील

आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे नालों में कचरा न डालें, स्वच्छता बनाए रखें और नगर निगम के निर्देशों का पालन करें, ताकि मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से बचा जा सके।