Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

नाला सोपारा में खेल क्रांति की शुरुआत: 15 एकड़ में बनेगा मेगा स्पोर्ट्स ग्राउंड

विपक्ष नेता मनोज पाटिल की पहल से वर्षों पुराना सपना हुआ साकार

सनसनी अबतक
वसाई-विरार: नाला सोपारा (पश्चिम) के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से उपेक्षित पड़ी जमीन अब खेल और युवाओं के भविष्य को समर्पित होने जा रही है। वसई-विरार महानगरपालिका के विपक्ष नेता मनोज पाटिल के सतत प्रयासों के चलते 15 एकड़ के विशाल क्रीड़ा मैदान के निर्माण कार्य की विधिवत शुरुआत हो गई है। विरार-नाला सोपारा लिंक रोड के पास स्थित यह जमीन विकास योजना में पहले से ही खेल मैदान के लिए आरक्षित थी, लेकिन वर्षों तक यह योजना कागजों में ही सीमित रही। मनोज पाटिल ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया, संबंधित विभागों के साथ लगातार संवाद किया और आखिरकार प्रशासन को इसे जमीन पर उतारने के लिए बाध्य किया।

एक ही परिसर में मिलेंगी सभी खेल सुविधाएं

करीब 4 लाख वर्गफुट क्षेत्र में विकसित होने वाला यह मैदान भविष्य में बहुउद्देश्यीय स्पोर्ट्स हब के रूप में उभरेगा। यहां क्रिकेट, फुटबॉल, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत इसकी लोकेशन है—तीनों तरफ सड़क से घिरा यह मैदान आने वाले समय में बड़े स्तर के खेल आयोजनों के लिए आदर्श स्थल बन सकता है। मुंबई के शिवाजी पार्क की तर्ज पर इसे विकसित करने की योजना है, जबकि भविष्य में यहां वानखेड़े स्टेडियम जैसी अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित करने की संभावनाएं भी जताई जा रही हैं।

10 एकड़ पर काम शुरू, शेष जमीन प्रक्रिया में

फिलहाल इस परियोजना के तहत 10 एकड़ भूमि पर माटी भराव और संरक्षण कार्य शुरू कर दिया गया है। बाकी 5 एकड़ जमीन को भी जल्द ही महानगरपालिका के कब्जे में लाने की प्रक्रिया जारी है। इस दौरान उपायुक्त हर्षला राणे, अभियंता साहिल सावे, आतिष म्हात्रे, जितेंद्र नाईक सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वादे से विश्वास तक का सफर

मनोज पाटिल ने चुनाव के दौरान क्षेत्र में उद्यान और खेल मैदान विकसित करने का जो वादा किया था, उसे अब जमीन पर उतारने की दिशा में लगातार काम हो रहा है।इससे पहले नाला सोपारा-निळेमोरे क्षेत्र में गार्डन परियोजना को सफलतापूर्वक शुरू कराकर उन्होंने अपनी प्रतिबद्धता साबित की थी। 9 नवंबर 2025 को इस परियोजना का भूमिपूजन भी संपन्न हुआ था।

स्थानीय युवाओं के लिए नई उम्मीद

इस मेगा स्पोर्ट्स ग्राउंड के बनने से न केवल खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का बड़ा मंच भी मिलेगा। यह परियोजना वसई-विरार के शहरी विकास में एक मील का पत्थर साबित हो सकती है।