Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

प्रोटोकॉल भंग पर भाजपा का विरोध

निमंत्रण पत्रिका से सांसद-विधायकों के नाम गायब, आयुक्त को निलंबित करने की मांग

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। वसई-विरार शहर महानगरपालिका के प्रभाग समिति (ए) के नए कार्यालय के लोकार्पण समारोह को लेकर प्रोटोकॉल उल्लंघन का मामला सामने आया है। इस मुद्दे पर भाजपा जिल्हा महामंत्री मनोज बारोट ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए प्रशासन पर नियमों की अनदेखी का आरोप लगाया है।

मनोज बारोट ने कहा कि समारोह की निमंत्रण पत्रिका में महाराष्ट्र शासन के 20 नवंबर 2025 के शासन परिपत्र (सामान्य प्रशासन विभाग, कलम 3 और 5) का स्पष्ट उल्लंघन किया गया है। उनके अनुसार परिपत्र के कलम 5 में संसद और विधानसभा सत्र के दौरान ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने पर स्पष्ट रोक है, इसके बावजूद प्रशासन ने कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की।

बारोट ने यह भी आरोप लगाया कि कलम 3 के अनुसार सभी दलों के जनप्रतिनिधियों के नाम राजशिष्टाचार के अनुसार निमंत्रण पत्रिका में प्रकाशित करना अनिवार्य है। इसके बावजूद पत्रिका में सांसद डॉ. हेमंत सवरा, विधायक स्नेहा दुबे (वसई), विधायक विलास तरे (बोईसर) तथा पालकमंत्री के नाम शामिल नहीं किए गए।

उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा विधायक राजन नाईक का नाम भी पूर्व विधायक, सभापति और उपमहापौर के बाद रखने से राजशिष्टाचार का उल्लंघन हुआ है।

मनोज बारोट ने सवाल उठाते हुए कहा कि पूरी निमंत्रण पत्रिका में केवल बहुजन विकास आघाड़ी (BVA) के नेताओं के नाम प्रमुखता से दिखाई दे रहे हैं, जिससे यह संदेह पैदा होता है कि यह कार्यक्रम महानगरपालिका का है या किसी राजनीतिक दल का।

भाजपा नेता मनोज बारोट ने मांग की है कि इस कार्यक्रम को तुरंत रद्द किया जाए, महानगरपालिका आयुक्त मनोजकुमार सूर्यवंशी को निलंबित किया जाए और इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इस विषय को लेकर विधानसभा में हक्कभंग सूचना दाखिल की जाएगी।