आयुक्त मनोज कुमार सूर्यवंशी की पहल से ‘सफाई मित्र’ ऐप लॉन्च
सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्मार्ट बनाने की दिशा में वसई-विरार महानगरपालिका ने एक महत्वपूर्ण डिजिटल कदम उठाया है। महानगरपालिका आयुक्त मनोज कुमार सूर्यवंशी की पहल पर नागरिकों की सुविधा के लिए ‘सफाई मित्र’ मोबाइल ऐप लॉन्च किया गया है, जिसके माध्यम से अब शहर में कहीं भी गंदगी या कचरा दिखाई देने पर नागरिक सीधे शिकायत दर्ज कर सकेंगे।

इस नई व्यवस्था के तहत नागरिक अपने मोबाइल से कचरे की फोटो खींचकर ऐप पर अपलोड कर सकते हैं। शिकायत दर्ज होते ही संबंधित विभाग को सूचना मिल जाएगी और 24 घंटे के भीतर सफाई करना अनिवार्य होगा।
महानगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तय समय सीमा में शिकायत का निवारण नहीं होने पर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर प्रतिदिन 10 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वाले नागरिकों पर 1 हजार रुपये का दंड भी लगाया जाएगा।
‘सफाई मित्र’ ऐप के लॉन्च होते ही शहर के नागरिकों ने आयुक्त मनोज कुमार सूर्यवंशी और महानगरपालिका प्रशासन की इस पहल की सराहना की है। नागरिकों का कहना है कि इस डिजिटल व्यवस्था से स्वच्छता व्यवस्था अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनेगी तथा शहर को साफ रखने में जनता की सीधी भागीदारी भी बढ़ेगी।
महानगरपालिका ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस ऐप का अधिक से अधिक उपयोग करें और वसई-विरार को स्वच्छ व सुंदर शहर बनाने के अभियान में सक्रिय सहयोग दें।

More Stories
पेल्हार पुलिस का अपराध के खिलाफ सख्त एक्शन, गुंडागर्दी पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
वसई-विरार में बिजली संकट पर उच्चस्तरीय बैठक, समाधान के लिए ठोस कदमों के निर्देश
आदिवासी और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती, 6 एंबुलेंस का लोकार्पण