Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

रत्नागिरी के विद्यार्थियों ने छुआ आसमान, हाई-एल्टीट्यूड बैलून के साथ स्पेस साइंस की अनोखी उड़ान

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
रत्नागिरी। वैश्विक स्तर पर तेजी से विस्तार कर रही अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था में भारत की बढ़ती भूमिका को देखते हुए रत्नागिरी जिले में छात्रों के लिए एक अभिनव पहल की गई। शिक्षा विभाग (प्राथमिक), जिला परिषद रत्नागिरी की ओर से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान और आधुनिक तकनीक से सीधे जोड़ने का अवसर दिया।

जिला परिषद के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक विद्यालयों की कक्षा 5वीं से 7वीं तक के 50 मेधावी विद्यार्थियों के लिए हाई-एल्टीट्यूड बैलून (HAB) लॉन्च एवं स्पेस साइंस प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन भाटये समुद्र तट पर किया गया। ये वही विद्यार्थी हैं जिनका चयन शैक्षणिक वर्ष 2024–2025 में ISRO और NASA जैसी अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थाओं के शैक्षणिक भ्रमण हेतु हुआ है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उच्च ऊंचाई तक जाने वाले विशेष वैज्ञानिक गुब्बारे के प्रक्षेपण की प्रक्रिया को नजदीक से देखा और उसके पीछे के वैज्ञानिक सिद्धांतों को समझा। विशेषज्ञों ने बताया कि इस प्रकार के बैलून पृथ्वी के वायुमंडल की ऊपरी परतों तक पहुंचकर तापमान, दबाव और अन्य वैज्ञानिक आंकड़े एकत्र करते हैं, जो अंतरिक्ष अनुसंधान में उपयोगी होते हैं।

इस अवसर पर रत्नागिरी के पुलिस अधीक्षक नितीन बगाटे, कोस्ट गार्ड के कमांडेंट शैलेश गुप्ता तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी वैदेही रानडे की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए अंतरिक्ष विज्ञान में करियर की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डाला और सफलता के लिए अनुशासन, निरंतरता तथा दृढ़ संकल्प को अनिवार्य बताया।

समुद्र किनारे खुले आसमान के नीचे जब हाई-एल्टीट्यूड बैलून ने उड़ान भरी तो विद्यार्थियों के उत्साह का ठिकाना नहीं रहा। यह कार्यक्रम न केवल उनके लिए एक वैज्ञानिक अनुभव साबित हुआ, बल्कि उनके सपनों को नई ऊंचाई देने वाला प्रेरणादायक क्षण भी बना।

शिक्षा विभाग के इस प्रयास को भविष्य में जिले के अन्य विद्यार्थियों तक भी पहुंचाने की योजना है, ताकि ग्रामीण पृष्ठभूमि के बच्चे भी अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में अपने सपनों को साकार कर सकें।