Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

नालासोपारा पूर्व में ट्रैफिक जाम से राहत की दिशा में बड़ा कदम

भाजपा विधायक राजन नाईक की पहल पर प्रशासन हरकत में

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। नालासोपारा पूर्व क्षेत्र में लगातार बढ़ती वाहतूक कोंडी और नागरिकों को हो रही भारी असुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। स्थानीय स्तर पर बढ़ती अव्यवस्था और जाम की समस्या के समाधान के लिए बुधवार (18 फरवरी 2026) को ठोस कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।

भाजपा विधायक राजन नाईक की पहल पर संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वसई-विरार शहर महानगरपालिका के परिवहन विभाग की जमीन पर लंबे समय से खड़ी जर्जर और अनुपयोगी बसों को तत्काल हटाया जाए। इन खड़ी बसों के कारण न केवल यातायात बाधित हो रहा था, बल्कि क्षेत्र की सूरत भी बिगड़ रही थी।

निर्देशों के अनुसार, उक्त स्थान पर सुव्यवस्थित ढंग से एक योजनाबद्ध मार्केट विकसित करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी, जिससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और अतिक्रमण की समस्या भी नियंत्रित होगी।

फेरीवालों और रिक्शा स्टैंड का होगा पुनर्वसन

क्षेत्र में अव्यवस्थित रूप से खड़े फेरीवाले और रिक्शा स्टैंड भी ट्रैफिक जाम का बड़ा कारण बने हुए थे। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि इनका नियोजनबद्ध पुनर्वसन किया जाए, ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सके और आम नागरिकों को राहत मिल सके।

प्रमुख सड़कों पर ‘वन वे’ व्यवस्था लागू होगी

नालासोपारा पूर्व के कुछ प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए ‘वन वे’ प्रणाली लागू करने का निर्णय भी लिया गया है। इसके लिए पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित अमल के आदेश दिए गए हैं।

स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि यदि निर्णयों का प्रभावी क्रियान्वयन हुआ तो क्षेत्र को जाम से बड़ी राहत मिल सकती है। यह कदम नालासोपारा पूर्व में सुव्यवस्थित यातायात और बेहतर शहरी प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।