28 फरवरी 2026 तक भर सकेंगे फॉर्म, पात्र नागरिकों से लाभ उठाने की अपील
सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। वसई-विरार शहर महानगरपालिका के महिला एवं बाल कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 28 फरवरी 2026 कर दी गई है। महानगरपालिका प्रशासन ने क्षेत्र के पात्र नागरिकों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
महानगरपालिका क्षेत्र के गरीब, निराश्रित और जरूरतमंद परिवारों के लिए विभाग की ओर से कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की गई हैं। ‘विद्यावर्धिनी’ शैक्षणिक योजना के अंतर्गत विधवा, तलाकशुदा, परित्यक्ता एवं निराधार महिलाओं के बच्चों, एचआईवी प्रभावित पालकों के बच्चों, गंभीर रूप से बीमार पति वाली महिलाओं के बच्चों, अनाथ एवं बेसहारा बालकों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। कोविड-19 में माता या पिता को खो चुके बच्चों को भी इस योजना का लाभ दिया जा रहा है।
इसके अलावा ‘आधारमाया’ योजना के तहत कुष्ठरोग से पीड़ित महिलाओं एवं बच्चों तथा 60 वर्ष से अधिक आयु की एकाकी वरिष्ठ महिलाओं को मासिक अनुदान दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य सहायता योजनाओं के अंतर्गत ‘जीवनदायिनी’ योजना में महिलाओं को डायलिसिस उपचार हेतु प्रति सत्र आर्थिक सहयोग, कैंसर पीड़ित महिलाओं को चिकित्सा सहायता, साथ ही मेमोग्राफी और पैप स्मीयर जांच के लिए भी आर्थिक मदद प्रदान की जाती है।
‘वरदायिनी’ योजना के तहत निराश्रित एवं विधवा महिलाओं की पुत्रियों तथा अनाथ बालिकाओं के विवाह के लिए आर्थिक अनुदान दिया जाता है। वहीं दत्तक ग्रहण करने वाले परिवारों को प्रोत्साहन स्वरूप सहायता तथा 18 से 21 वर्ष की अनाथ बालिकाओं को आजीविका के लिए आर्थिक सहयोग भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
सभी योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन https://mahilabalkalyan.rtsvvmc.in/ लिंक पर किए जा सकते हैं, जबकि ऑफलाइन आवेदन संबंधित प्रभाग कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं।
महानगरपालिका आयुक्त मनोजकुमार सूर्यवंशी (भा.प्र.से.) ने पात्र नागरिकों से समय सीमा के भीतर आवेदन कर योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया है।

More Stories
नालासोपारा में वायरल झूठा मैसेज ने मचाया बवाल, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग हुई तेज
पालघर में पीएम मोदी और सनातन विरोधी पोस्ट से भड़का बजरंग दल, आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
मानसून से पहले VVCMC अलर्ट: आयुक्त ने नाला सफाई कार्यों का किया निरीक्षण