Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

सुजानगंज के गौरी शंकर धाम में महाशिवरात्रि पर जिलाधिकारी ने किया पूजन-अर्चन, व्यवस्थाओं का लिया जायज़ा

सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
सुजानगंज (जौनपुर)। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार, 15 फरवरी 2026 को जिलाधिकारी ने जनपद के सुप्रसिद्ध गौरी शंकर धाम पहुंचकर भगवान शिव का विधिवत दर्शन एवं पूजन-अर्चन किया। उन्होंने श्रद्धाभाव से जलाभिषेक कर बेलपत्र, पुष्प एवं माल्यार्पण अर्पित किया तथा जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और मंगलमय जीवन की कामना की।

मंदिर परिसर में भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु की गई व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था का जायज़ा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि महाशिवरात्रि जैसे प्रमुख धार्मिक पर्व पर श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व समाज में श्रद्धा, आस्था और सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने नागरिकों से पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने संत समाज से आह्वान किया कि वे भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभावना को सुदृढ़ करने हेतु अपना मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्रदान करते रहें। इस दौरान उन्होंने उपस्थित संतजन एवं वृद्धजनों से संवाद कर उन्हें अंगवस्त्रम भेंट किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।