Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

ग्राम चौपाल में डीएम-एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
भदोही। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकास खंड ज्ञानपुर/अभोली के ग्राम कसीदहा/सदौपुर स्थित पंचायत भवन में शुक्रवार को रात्रि ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल की अध्यक्षता जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने चौपाल में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने बाल विकास परियोजना विभाग के कार्यों का जायजा लेते हुए गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, बच्चों के पोषण स्तर तथा आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही पात्र लाभार्थियों को समय से राशन वितरण सुनिश्चित करने और अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।

चौपाल के दौरान वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन एवं दिव्यांगजन पेंशन योजनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। स्वास्थ्य विभाग से ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भी जानकारी ली गई।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने आगामी जनगणना की तैयारियों, सामुदायिक शौचालयों की स्थिति, फार्मर रजिस्ट्री, फैमिली आईडी निर्माण, राजस्व मामलों तथा विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए।

चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने गांव में लगे एक हैंडपंप में समरसेबल पंप डाले जाने की शिकायत जिलाधिकारी के समक्ष रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल ग्राम विकास अधिकारी एवं संबंधित लेखपाल को जांच के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही पाई गई तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने ग्रामीणों से संवाद कर गांव की सामाजिक एवं कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ग्रामीणों से आपसी सौहार्द एवं शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी समस्या या विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते उसका समाधान कराया जा सके। उन्होंने महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा सामाजिक समरसता बनाए रखने को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया।

ग्राम चौपाल के माध्यम से प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। चौपाल के दौरान कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जिससे ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ल, उप जिलाधिकारी ज्ञानपुर भान सिंह, जिला विकास अधिकारी सपना अवस्थी, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश त्रिपाठी, जिला प्रोबेशन अधिकारी शत्रुघ्न कन्नौजिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।