पत्नी की हत्या के आरोप में पति को पेल्हार पुलिस की गिरफ्तार
पोस्टमार्टम रिपोर्ट, आसपास के लोगों से पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद खुला राज
सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार : नालासोपारा पूर्व के पेल्हार क्षेत्र में महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पेल्हार पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए इसे हत्या का मामला साबित कर दिया है। शुरुआत में अकस्मात मौत के रूप में दर्ज इस केस में पुलिस की गहन जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद सच्चाई सामने आई। पुलिस ने मृतका के पति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका नसिमबुनिसा शेख अपने पति कलाम खान और बच्चों के साथ रह रही थी। परिजनों का आरोप है कि आरोपी पति लंबे समय से पत्नी के चरित्र पर शक करता था और आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है और शराब तथा अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के बाद घर में विवाद करता था। कई बार परिवार और रिश्तेदारों ने दोनों के बीच समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन घरेलू विवाद लगातार बढ़ता गया।
परिजनों के अनुसार घटना से कुछ महीने पहले भी आरोपी ने महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की थी, जिसकी शिकायत पुलिस में की गई थी। हालांकि बाद में आरोपी द्वारा माफी मांगने पर मामला शांत हो गया था। लेकिन इसके बावजूद महिला पर अत्याचार और प्रताड़ना बंद नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि 10 जून 2026 की रात आरोपी और मृतका के बीच फिर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने पत्नी की बेरहमी से पिटाई की। अगले दिन महिला की हालत गंभीर हो गई और कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। महिला के शरीर पर चोटों के निशान देखकर परिवार ने हत्या की आशंका जताई और पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की।
शुरुआत में मामला अकस्मात मौत के रूप में दर्ज किया गया था, लेकिन पेल्हार पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों और पड़ोसियों से पूछताछ की तथा मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए। इसके साथ ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान और मारपीट के संकेत मिलने के बाद मामला पूरी तरह बदल गया।
जांच के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण तथ्य मिले, जिससे पति पर शक गहराता गया। इसके बाद पेल्हार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सचिन कांबले के मार्गदर्शन में पेल्हार क्राइम डिटेक्शन शाखा ने जांच तेज कर दी। सहायक पुलिस निरीक्षक रमेश वाघचौरे, पुलिस उप निरीक्षक तुकाराम भोपले और उनकी टीम ने तकनीकी जांच, घटनास्थल की बारीकी से पड़ताल और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया।
कड़ी पूछताछ और जुटाए गए सबूतों के बाद पुलिस ने आरोपी पति कलाम खान को पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। बता दे कि पेल्हार पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लगातार बयान बदल रहा था, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अक्सर पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करता था और घर में आए दिन झगड़े होते थे।
पेल्हार पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं मृतका के परिजनों ने आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की है।

More Stories
छत्रपति संभाजी महाराज जयंती पर धुकटन के संरक्षित वन क्षेत्र में हुआ भव्य वृक्षारोपण अभियान
21 साल बाद हत्या का फरार आरोपी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार, MBVV क्राइम ब्रांच यूनिट-2 वसई टीम को मिली बड़ी कामयाबी
सास की हत्या कर 13 साल से फरार आरोपी चेन्नई से गिरफ्तार, MBVV क्राइम ब्रांच यूनिट-2 वसई को बड़ी सफलता