सनसनी अबतक | मनोज दुबे
भदोही। जनपद में शिक्षक प्रशिक्षण और शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) भदोही को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किए जाने वाली महत्वाकांक्षी परियोजना का मंगलवार को शिलान्यास किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ आयोजित कार्यक्रम में विधायक ज्ञानपुर विपुल दुबे, जिलाधिकारी शैलेष कुमार तथा पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने शिरकत की।
इस दौरान अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। समग्र शिक्षा योजना के अंतर्गत टीचर एजुकेशन घटक में स्वीकृत इस परियोजना पर 1401.17 लाख रुपये से अधिक की लागत आएगी। परियोजना के तहत अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रशासनिक भवन, शैक्षणिक ब्लॉक, 50 सीटों वाला छात्रावास, आवासीय भवन, आरसीसी सड़क, बाउंड्री वॉल, बैडमिंटन कोर्ट, बोरिंग तथा अन्य आधारभूत विकास कार्य कराए जाएंगे। परियोजना पूरी होने के बाद डायट परिसर डिजिटल शिक्षण संसाधनों, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं और उन्नत शैक्षिक अवसंरचना से लैस होगा। इससे शिक्षक प्रशिक्षण की गुणवत्ता में व्यापक सुधार आएगा और प्रशिक्षुओं को नई शिक्षा प्रणाली के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध हो सकेगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विपुल दुबे ने कहा कि डायट को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाना जनपद के शैक्षिक विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और डिजिटल संसाधनों से सुसज्जित यह संस्थान शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान करेगा, जिसका सीधा लाभ विद्यार्थियों को मिलेगा। वहीं जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे कराए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परियोजना की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विश्वास जताया कि विकसित होने के बाद डायट भदोही प्रदेश के उत्कृष्ट शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों में अपनी अलग पहचान बनाएगा और शिक्षा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि परियोजना के पूरा होने के बाद डायट भदोही न केवल जनपद बल्कि आसपास के जिलों के लिए भी शिक्षक प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा। आधुनिक संसाधनों से लैस यह संस्थान भविष्य की शैक्षिक आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

More Stories
टीजीटी परीक्षा केंद्रों का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं मिलीं संतोषजनक
हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने किया फ्लैग मार्च