Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

वसई-विरार में जनगणना कार्य का आयुक्त ने लिया जायजा, घर-घर पहुंचकर देखी प्रक्रिया

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार : वसई-विरार शहर महानगरपालिका क्षेत्र में जनगणना 2027 के तहत चल रहे घर सूचीकरण और घरगणना कार्य का गुरुवार को महानगरपालिका आयुक्त तथा प्रधान जनगणना अधिकारी पृथ्वीराज बी.पी. ने प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।

महानगरपालिका क्षेत्र में 16 मई 2026 से घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करने का अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में आयुक्त ने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर प्रगणकों द्वारा किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने नागरिकों से जानकारी एकत्र करने की प्रक्रिया, मोबाइल ऐप में डेटा दर्ज करने की व्यवस्था तथा घर सूची तैयार करने की कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने प्रगणकों से संवाद करते हुए जनगणना कार्य को जिम्मेदारी, पारदर्शिता और सटीकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों से विनम्र व्यवहार रखते हुए सही जानकारी संकलित की जाए तथा शासन की सभी गाइडलाइन का कड़ाई से पालन किया जाए।

इस दौरान उप आयुक्त तथा शहर जनगणना अधिकारी हर्षला राणे समेत संबंधित प्रभाग समितियों के सहायक आयुक्त भी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से जनगणना कार्य तय समयसीमा में पूरा करने के लिए लगातार निगरानी और आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि जनगणना देश के विकास और योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, इसलिए घर पहुंचने वाले प्रगणकों को सही जानकारी देकर सहयोग करें।