Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

पुलिस मुठभेड़ में शातिर अपराधी गिरफ्तार, तमंचा व कारतूस बरामद

सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
जौनपुर। थाना कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित एक शातिर अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के कब्जे से एक देशी तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक बदमाश तूतीपुर पीपा पुल होते हुए ताड़तला की ओर किसी घटना को अंजाम देने जा रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम ने तूतीपुर चौराहे के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद मोटरसाइकिल से आ रहे संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह वापस भागने लगा और रेत व लोहे की चादर पर फिसलकर गिर पड़ा। गिरते ही उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। बताया गया कि गोली प्रभारी निरीक्षक के कनपटी के पास से निकल गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें बदमाश घायल होकर गिर पड़ा।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नफीस पुत्र मोहम्मद रफीक निवासी रौजाजमाल खां, अचला देवी घाट रोड, सिपाह थाना कोतवाली जौनपुर के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक देशी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, 540 रुपये नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार अभियुक्त चोरी, लूट और छिनैती जैसी घटनाओं में शामिल रहा है तथा सुपारी लेकर भी अपराध करता था। पूछताछ में उसने बताया कि वह पुनः किसी घटना को अंजाम देने जा रहा था।

अभियुक्त के खिलाफ जौनपुर के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना कोतवाली में संबंधित धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।